पूर्णिया में महिला ने सड़क किनारे बच्चे को दिया जन्म, कपड़े का घेरा बनाकर कराया गया प्रसव; जच्चा-बच्चा स्वस्थ



अमौर (पूर्णिया), संवाद सहयोगी: प्रखंड क्षेत्र में मानवता की मिसाल देखने को मिली। यहां एक गर्भवती महिला बालूगंज से पति के साथ बाइक से रेफरल अस्पताल प्रसव के लिए निकली थी।
इसी दौरान रास्ते में ही उसे प्रसव की पीड़ा शुरू हो गयी और मह‍िला दर्द से प्रखंड मुख्यालय के समीप छटपटाती रही। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बगल की आशा कार्यकर्ता किरण देवी और एएनएम मधु कुमारी को बुलाया।
रास्‍ते से गुजरने वाली महिलाओं ने की मदद

वहीं, अन्य राह चलती महिलाओं ने भी यह मंजर देखा तो मानवता का परिचय दिया। आशा और एएनएम के साथ सड़क के किनारे ही उस महिला के चारों ओर सभी ने मिलकर कपड़े से घेरा बनाया और प्रसव कराया।
महिला ने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। इस सफल प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। प्रसव के बाद अमौर रेफरल अस्पताल से एम्बुलेंस बुलाकर जच्चा-बच्चा को अस्पताल भेजा गया।
महिला का नाम सुलेखा कुमारी है, जो बनकोरा की रहने वाली है। महिलाओं ने साड़ी से घेरकर कर गर्भवती महिला प्रसव कराने में स्थानीय लोगों ने भी मदद की।
Bihar: प्‍यारी बहन का खतरनाक पति; ईद की विदाई न मिलने से नाराज हुआ जीजा, साले पर चाकू से किया वार; गिरफ्तार यह भी पढ़ें
सुरक्षित प्रसव कराने में अमौर रेफरल अस्पताल के कर्मियों का अहम योगदान है। आशा व एएनएम भी इसी अस्पताल में कार्यरत है। प्रसूता महिला के पोषक क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता भी वहां मौजूद थीं, जिन्‍होंने  जच्चा -बच्चा की जान बचाई और सुरक्षित प्रसव कराया।
महिला के पति प्रमोद कुमार विश्वास ने बताया कि मोटरसाइकिल पर बैठा कर अपनी पत्नी को अस्पताल ला रहे थे। इसी बीच प्रसव पीड़ा अचानक बढ़ गयी। मोटरसाइकिल से उतारकर सड़क किनारे बैठा दिया।

प्रमोद कुमार विश्वास ने बताया कि एंबुलेंस बुलाया गई, लेकिन तब तक प्रसव का समय हो गया था। एम्बुलेंस पहुंचने से पहले ही एएनएम मधु कुमारी और आशा कार्यकर्ता मदद से प्रसव कराया गया।
सड़क किनारे किसी तरह कपड़े से घेराबंदी कर सुरक्षित प्रसव कराया गया, उसके बाद एंबुलेंस से जच्चा-बच्चा दोनों को अमौर अस्पताल लाया गया।
अस्पताल लाने के बाद नवजात शिशु को बीसीजी, हेपेटाइटिस बी और ओपीवी का टीका लगाया गया। जच्चा और बच्चा दोनों अब सुरक्षित हैं। महिला ने बताया कि सिस्टर मधु के कारण उसकी और उसके बच्चे की जान बच गई।


अन्य समाचार