Khagaria News: खगड़िया में आग से 75 घर जलकर राख, दमकल की पांच गाड़ियों ने पांच घंटे मश्क्कत के बाद पाया काबू



संवाद सूत्र, अलौली(खगड़िया)। बिहार में खगड़िया के अलौली प्रखंड अंतर्गत दहमा खैरी खुटहा पंचायत स्थित खैरी नव घरिया मुसहरी में आग लगने से 75 घर जलकर राख हो गए।
वहीं, दो घरों को आंशिक क्षति पहुंची है। आग लगने का कारण सोलर प्लेट का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जिनके घर जले हैं, सभी महादलित समुदाय से आते हैं। सभी घर फूस के थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर एक घर से उठी चिंगारी ने दावानल का रूप ले लिया। जब तक ग्रामीण संभलते तब तक 15 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा ने देखते ही देखते 75 घरों को जलाकर राख कर डाला।

जिला अग्निशमन पदाधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पांच दमकल के सहारे आग पर काबू पाया जा सका।
लपटें इतनी तेज थीं कि अग्निशमन कर्मियों को आग बुझाने के लिए करीब पांच घंटे तक खासी मशक्कत करनी पड़ी। खगड़िया एसडीओ अमित अनुराग ने 75 घरों के पूर्ण रूप से जलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो घरों को भी क्षति पहुंची है।
सूचना पर अलौली सीओ प्रदीप कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अलौली सीओ, सीआइ, राजस्व कर्मचारी आदि वहां कैंप कर रहे हैं।
औरत की दुश्‍मन औरत: विवाहिता को झांसे में लेकर एक लाख में बेचा, जबरन राजस्थानी युवक से कराई शादी; 8 गिरफ्तार यह भी पढ़ें
सीओ ने बताया कि अगलगी की इस घटना में रामचंद्र सदा, नंदन सदा, रविंद्र सदा, सत्ती लाल सदा, हरे राम सदा, रामेश्वर सदा, गोरेलाल सदा, चंद्रशेखर सदा, लाल बहादुर सदा, छोटू सदा, मिथिलेश सदा, संजीव सदा आदि के घर जले हैं। तीन मवेशी भी जले हैं।
खैरी नव घरिया मुसहरी में 75 घर जले हैं। सभी पीड़ितों को तत्काल सूखा राशन और प्लास्टिक शीट उपलब्ध कराए गए हैं। आपदा सहायता के तहत सभी पीड़ित परिवारों को 11 हजार की दर से चेक प्रदान किए जा रहे हैं। - प्रदीप कुमार, सीओ, अलौली

अन्य समाचार