Bihar: सीतामढ़ी में दबंगों की पिटाई से युवक की मौत मामले में FIR दर्ज, दोस्त की मां ने पांच आरोपियों को पहचाना



सीतामढ़ी, संवाद सूत्र। जिले के जानकी स्थान रिंग रोड बांध में अपने दोस्त के घर गए युवक को अगवा कर पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है कि किसी टेंपो वाले से विवाद के बाद दबंगई में राजा को उसके दोस्त के घर से उठाकर ले जाया गया और बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
मृतक राजा कुमार पिता रामाश्रय महतो साकिन मंडल नगर नोनिया टोला वार्ड नंबर-8 सीतामढ़ी का रहने वाला था। नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि मृतक राजा के दोस्त मिंटू कुमार की मां 60 वर्षीया सूरज देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सूरज देवी ने बताया कि राजा बुधवार सुबह करीब छह बजे उनके घर आया था। उस समय वह पोती के साथ अपनी झोपड़ी के पीछे एक पेड़ के नीचे बैठी थी। अचानक कुछ लोगों ने झोपड़ी को घेर लिया। घर में घुसने से जब उन्होंने रोका तो इसपर बदमाशों ने उन्हें धकेल दिया। उसके बाद राजा के बाहर निकलने पर बोला कि चलो मालिक निशित सिंह बुलाए हैं। इसके बाद राजा को जबरदस्ती गाली-गलौज करते हुए सभी ले गए।
सूरज देवी के अनुसार, उन लोगों के जाने के बाद पता चला कि राजा का किसी टेंपो वाले से लड़ाई-झगड़ा हुआ था। इसीलिए वे लोग उसे ले गए हैं। अश्विनी चौबे, निशित सिंह का गार्ड, निशित सिंह का ड्राइवर मनोज कुमार, टेंपो इंचार्ज हरेंद्र साह पिता रामलखन साह साकिन रीगा रोड, अरुण साह पिता गगनदेव साह, डुमरा बड़ी बाजार मॉल के पीछे रहने वाले को मैं पहचानती हूं। बाकी अन्य तीन-चार लोगों को नहीं पहचानती।

एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार ने कहा कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि एसडीपीओ सदर को आरोपितों की धर-पकड़ के लिए लगाया गया है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

अन्य समाचार