'नीतीश से बिहार संभल नहीं रहा; देश संभालने चले हैं', केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने मुख्यमंत्री पर कसा तंज



संवाद सहयोगी, भभुआ। आपका सेवक आपका द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे शुक्रवार को कैमूर पहुंचे। उन्होंने भभुआ के परिसदन में प्रेस वार्ता की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि आपका सेवक आपका द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत कैमूर पहुंच कर लोगों की समस्या सुन रहे हैं। किसान चौपाल व जनता चौपाल लगा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि बिहार की सरकार एकदम संवेदनहीन है। जहां एक ओर किसान की फसल जल रही हैं और सरकार उस पर प्राथमिकी करा रही है।

सरकार किसानों पर अत्याचार कर रही है। बीज व खाद की कालाबजारी की जा रही है। नीतीश कुमार को लेकर मंत्री ने कहा कि इनसे बिहार तो संभल नहीं रहा और देश संभालने चले हैं।
दिल्ली जाकर भ्रष्टाचारियों से मिलते हैं। बिहार आतंक के साए में जी रहा है। बिहार के सासाराम व बिहारशरीफ में जान बूझकर ऐसा किया गया। ताकि सासाराम में गृहमंत्री अमित शाह का कार्यक्रम ना हो सके।
दोनों घटनाओं के लिए दोषी खुद बिहार सरकार है। यूपी के अंदर अपराधियों का एनकाउंटर किया जा रहा है तो बिहार में कुछ लोगों को हाय तौबा मची है।

यूपी के मॉडल पर बिहार में भी सरकार बनेगी। वर्तमान बिहार सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। मंत्री ने कहा कि 2013 में हुए बिहार के गांधी मैदान की घटना की क्यों नहीं जांच बिहार सरकार ने कराई।
मंत्री ने कहा उतर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश या सर्वोत्तम प्रदेश है। शराब से कई लोगों की मौत हुई है इस पर भी सरकार संवेदनहीन है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही कैमूर को खुशखबरी मिलेगी। टाइगर रिजर्व केंद्र के लिए कैमूर उपयुक्त जगह है। अब जल्द ही टाइगर रिजर्व केंद्र बनाने का काम होगा।

बिहार सरकार केंद्र के पैसे को खर्च नहीं कर पाती और विशेष राज्य का दर्जा मांगती है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता मांग कर रही है कि यूपी मॉडल की तरह बिहार में सरकार बने, और बुलडोजर बाबा की तरह से काम हो।
मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के लिए एनडीए में सभी रास्ते बंद हैं। 2024 में पूर्ण बहुमत से फिर से भाजपा सरकार बनाएगी। पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के बारे में कहा कि उन्हें तीसरी बार राज्यपाल बनना था।

लेकिन हर बार एक ही व्यक्ति राज्यपाल नहीं बनाया जा सकता। हालांकि, उनके बयान को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। शराबबंदी को लेकर मंत्री ने कहा कि बिहार में बीजेपी की सरकार बनी तो अमृतकाल में अमृतरस मिलेगा।
जातिगत जनगणना के बारे में कहा कि यह गणना संवैधानिक नहीं है। इससे कोई लाभ नहीं होने वाला। भारत सरकार खुद सामान्य तौर पर जनगणना करा रही है।
इस मौके पर एमएलसी संतोष सिंह, पूर्व विधायक रिंकी रानी पांडेय, पूर्व विधायक निरंजन राम, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल, जितेंद्र पांडेय, विश्वंभर तिवारी, दुर्गेश चौबे सहित अन्य मौजूद रहे।

अन्य समाचार