बिहार में पीट-पीटकर हत्या: वैशाली में भूमि विवाद में चचेरे भाइयों के बीच खूनी जंग, बुजुर्ग की मौत; नौ घायल



संवाद सहयोगी, महनार। बिहार के वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के मानिकपट्टी गांव में शुक्रवार की देर शाम मारपीट कर एक 60 वर्षीय वृद्ध की हत्या कर दी गई।
मारपीट के इस मामले में छह महिला समेत नौ लोगों के जख्मी हो गए। मामले में चौदह नामजद लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना के बाद से हत्या के आरोपित घर से फरार हैं। जबकि दूसरे घर में मातम पसरा है। मृतक श्यामनंदन साह के स्वजन पुलिस प्रशासन इंसाफ की मांग कर रहे हैं।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए महनार थाना की पुलिस टीम सघन छापेमारी अभियान में जुटी हुई है।
घटना को लेकर मारपीट में घायल स्व. राजेन्द्र साह के पुत्र अनिल कुमार गुप्ता ने पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन में कहा है कि शुक्रवार की शाम को वह सभी अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे।
उसी समय गांव के ही रहनेवाले सोनू कुमार साह पिता उमेश साह, सुमंगल साह, राजू साह पिता कुशेश्वर साह, भोला साह, गोविन्द साह पिता विशेश्वर साह, उमेश साह, कुशेश्वर साह, विशेश्वर साह पिता स्व. रामवृक्ष साह, सरिता देवी पति उमेश साह, राज कुमारी देवी पति विशेश्वर साह, तेतरी देवी पति कुशेश्वर साहा, सुमंगल साह, राजू साह एवं भोला साह की पत्नी एवं अन्य चार-पांच अज्ञात व्यक्ति लाठी-डंडे, रॉड, तलवार, हसुआ आदि लेकर दरवाजे पर आ गए एवं गाली-गलौज करने लगे।
बिहार को बर्बाद किया.. 10 लाख नौकरी कहां से देंगे: वैशाली में PK का उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर हमला यह भी पढ़ें
पीड़ित ने कहा है कि जब गाली देने से मना किया तो सभी आरोपित हथियारों आदि से मारपीट करने लगे। जिससे सिर फट गया। वह जमीन पर गिर गए।
मारपीट होते देखकर मेरे बड़े भाई श्यामनंदन साह बचाने आए तो सोनू कुमार साह एवं सुमंगल साह ने उन पर बांस एवं रॉड से हमला कर दिया।
इससे वह जख्मी होकर जमीन पर गिर गए। घटनास्थल पर ही उनके बड़े भाई श्यामनंदन साह की मौत हो गई। कहा कि मारपीट में परिवार के अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं।
Bihar: ईद की खुशियां मातम में बदलीं, हाजीपुर में बाइक सवार कांस्टेबल को बेकाबू ट्रक ने रौंदा; मौत यह भी पढ़ें
घटना को लेकर बताया गया कि दोनों पक्ष आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों के बीच आपसी विवाद में बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते मारपीट कर एक को मौत के घाट उतार दिया गया।
जबकि छह महिला समेत नौ लोग घायल हो गए। बताया गया कि शुक्रवार की सुबह से ही विवाद चल रहा था जो शाम को खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।
कहा कि छह महीना से विवाद चल रहा था। मृतक श्यामनंदन साह के पक्ष की ओर से रुपये छिनतई करने आदि को लेकर दूसरे पक्ष के विरुद्ध महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।

25 अप्रैल को दोनों पक्षों को महिला थाने बुलाया गया था। जानकारी के अनुसार, स्व. राजेन्द्र साह एवं स्व. रामवृक्ष साह दोनों भाई हैं। दोनों की मौत पूर्व में हो चुकी है।
स्व. राजेन्द्र साह को पांच पुत्र श्यामनंदन साह, गोपाल साह, अनिल कुमार गुप्ता, देवप्रसाद साह, अरविंद कुमार गुप्ता हैं।
जबकि स्व. रामवृक्ष साह को चार पुत्र विशेश्वर साह, कुशेश्वर साह, उमेश साह एवं शिवजी साह हैं। मृतक श्यामनंदन साह घर पर ही अपनी माता सरस्वती देवी के साथ रहते थे।

उनकी तीन पुत्री और दो पुत्र हैं। दो पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्र की मौत पूर्व में ही हो गई थी। अनिल कुमार गुप्ता की पुत्री रीना कुमारी आदि सहित अन्य स्वजन ने मांग की है कि हत्यारोपियों को फांसी की सजा दी जाए।
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया है। इस बीच शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद श्यामनंदन साह का शव घर पहुंचा।
बताया गया कि घटना के बाद से हत्या के आरोपित पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं। महनार थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कुछ महिलाओं को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

अन्य समाचार