'बिहार से होगी भाजपा को केंद्र से हटाने की पहल', तेजस्वी ने भरी हुंकार, बोले- उनको अब महंगाई लगने लगी है भौजाई



कोटवा (पूर्वी चंपारण), संवाद सहयोगी। सूबे के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। मंगलवार को मोतिहारी में डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले भाजपा वाले प्याज का माला पहनकर और गैस सिलेंडर लेकर गाना गाते थे कि महंगाई डायन है। अब महंगाई उन्हें डायन नहीं भौजाई लगने लगी है।

कोटवा के जमुनिया ब्रह्मस्थान मैदान में केसरिया के पूर्व विधायक जमुना यादव की नौवीं पुण्यतिथि पर आयोजित जनसभा में पहुंचे तेजस्वी ने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी खेला करने की कोशिश की, लेकिन उल्टा हो गया। बिहार की सत्ता कब उनके हाथ से चली गई पता ही नहीं चला। इस बार भी हम लड़ेंगे और जीतेंगे भी।
तेजस्वी ने कहा कि केंद्र सरकार देश बेच रही है। रेलवे की हालत बदतर हो गई है। जब-जब हमलोग सरकार में आते हैं, तब-तब ईडी और सीबीआई पीछे पड़ जाती है। जब पिताजी नहीं डरे तो उनका बेटा डरनेवाला नहीं है। इस बार बिहार ही केंद्र की सरकार को हटाने की पहल करेगा।
Bihar: रक्सौल में व्यवसायी के घर 30 लाख की डकैती, कच्छा-बनियान में आए थे बदमाश; परिवार में होने वाला था उपनयन यह भी पढ़ें
इस कार्यक्रम का आयोजन यमुना यादव के पुत्र कल्याणपुर विधायक मनोज यादव ने किया था। उप मुख्यमंत्री ने मनोज यादव की सराहना करते हुए उन्हें इस आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। बिहार सरकार के विधि मंत्री डा. शमीम अहमद, जदयू विधायक शालिनी मिश्रा, पूर्व विधायक राजेन्द्र राम, लक्ष्मीनारायण यादव, पूर्व मंत्री रामलखन राम रमन, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शुक्ल, मोतिहारी नगर निगम की मेयर प्रीति गुप्ता, जदयू जिलाध्यक्ष मंजू देवी सहित कई नेताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष सुरेश यादव व संचालन प्रधान महासचिव संतोष कुशवाहा ने किया। इस दौरान राजद विधायक शशि भूषण सिंह, एमएलसी वीरेंद्र नारायण यादव, पूर्व विधायक राजेश कुमार, सुरेश सहनी, डा. मंतोष सहनी, सत्येंद्र यादव, जिला पार्षद मनोज मुखिया, लखींद्र यादव के अलावा कई पूर्व विधायक एमएलसी और नेता कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे। संबोधन के बाद तेजस्वी विधायक के पैतृक आवास पर पहुंचे। वहां यमुना यादव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अन्य समाचार