Rohtas Accident: ओवरटेक करने के चक्कर में दो बाइकों की भिड़ंत, दो युवकों की मौत; तीन घायलों की हालत नाजुक



संवाद सहयोगी, बिक्रमगंज (रोहतास)। जिले के थाना क्षेत्र के बिक्रमगंज-डुमरांव पथ पर बसगीतिया गांव के बीच दो बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार की दोपहर 12 बजे के करीब हुआ। ओवरटेक करने की चक्कर में दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में घायल लोगों की हालत गंभीर है। उनका इलाज बिक्रमगंज के एक निजी अस्पताल में हो रहा है।

दावथ थाना क्षेत्र के जमसोना निवासी विजय शर्मा का 22 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार अपने गांव के ही एक अन्य युवक ओम प्रकाश के साथ बाइक से बिक्रमगंज की ओर आ रहा था। जबकि दावथ थाना क्षेत्र के ही बिठवां निवासी मनहाज खां का 20 वर्षीय पुत्र आमीर खां अपने गांव के सुरजीत कुमार और राजीव कुमार के साथ बिक्रमगंज से लौट रहे थे।
इसी बीच किसी बड़े वाहन के ओवरटेक करने के दौरान दोनों बाइक के बीच जोर की टक्कर हो गई। इस हादसे में गोलू और आमिर खां की मौत हो गई। जबकि अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हैं।
मृत शख्‍स प्रेमिका संग हरियाणा में इलू-इलू करता मिला, परिवार ने थाने में शव रख काटा था बवाल, दर्ज कराई थी FIR यह भी पढ़ें
घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी को बिक्रमगंज के एक निजी अस्पताल में लाया, जहां चिकित्सक ने गोलू को मृत घोषित कर दिया। जबकि कुछ ही देर बाद आमीर खां ने भी दम तोड़ दिया। घायलों की भी स्थिति गंभीर है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, इधर मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। जिसके बाद उनके घरों में कोहराम मच गया।

अन्य समाचार