Bihar: खगड़िया में बरसे सम्राट चौधरी, कहा- 2024 आते-आते जदयू में नहीं बचेगा कोई, नीतीश कुमार को बताया बीमार



खगड़िया, जागरण संवाददाता। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बुधवार को खगड़िया के बछौता स्थित एक रिसोर्ट में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2024 आते-आते जदयू में कोई नहीं बचेगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि 2024 तक जदयू के सभी लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। भाजपा खुले हाथों से सबका स्वागत करेगी। भाजपा अध्यक्ष ने लगे हाथ नीतीश कुमार को भी घेरा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बीमार चल रहे हैं। उन्हें गजनी फिल्म के अभिनेता की तरह भूलने की आदत हो गई है। जदयू में लव-कुश का कोई स्थान नहीं है। भाजपा लव-कुश समाज को जोड़कर बिहार में जदयू का सुपड़ा साफ कर देगी।

उन्होंने कहा कि 1994 में समता पार्टी का निर्माण जॉर्ज फर्नांडीस ने जिस सिद्धांत के लिए किया था, वह खत्म हो चुका है। जिसने गाली देने का काम किया, उन्हीं के साथ नीतीश कुमार ने हाथ मिला लिया है। आज बिहार में लॉ एंड आर्डर खत्म हो चुका है।

(चांदी का मुकुट पहनाकर सम्राट चौधरी का किया गया स्वागत)

आनंद मोहन की रिहाई पर भी भाजपा अध्यक्ष ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 26 अपराधियों को छोड़ दिया गया है। भाजपा किसी अपराधी की पक्षधर नहीं रही है और ना ही रहेगी। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में पार्टी 100 सीटों पर विधानसभा का चुनाव लड़ती थी। इस कारण से खगड़िया छूट जाता था। अब विधानसभा में 200 सीटों पर और लोकसभा में 30 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ेगी। इसमें खगड़िया के भाजपा कार्यकर्ताओं को भी मौका मिलेगा।

सम्राट चौधरी ने बिहार में बढ़ते क्राइम पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आज बिहार में 40 से 50 हत्याएं रोज हो रही हैं। लॉ एंड आर्डर समाप्त हो चुका है। प्रशासन शराब बेचने में लगा है। नीतीश कुमार कहते हैं कि शराब नहीं बेचने देंगे।
इसके बाद उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि यहां बैठीं माताओं से पूछिए कि क्या शराबबंदी बिहार में बंद है। आज घर-घर शराब की होम डिलीवरी हो रही है और उससे आने वाले 10 हजार करोड़ रुपये प्रतिवर्ष जदयू के पास जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बार-बार पलटी मार देते हैं। लोग भी अब उन्हें पलटीमार के नाम से जानने लगे हैं। वे पलटी मार-मार कर सत्ता बचाने के चक्कर में लगे हुए हैं।

बता दें कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी पहली बार बुधवार को खगड़िया आए थे। खगड़िया से उनका विशेष रिश्ता रहा है। वे यहां के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रहे हैं। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खगड़िया-बेगूसराय की सीमा पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी का भव्य स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता जुटे हुए थे। यहां भाजपा नेता कृष्ण कुमार उर्फ मुन्ना यादव ने सम्राट चौधरी को तराजू पर 111 किलो सिक्के से तौला। मुन्ना यादव ने बताया कि इन सिक्कों को भाजपा कार्यालय भेजना था लेकिन प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन सिक्कों को जिले में बनने वाले भाजपा कार्यालय में लगाया जाए।


(साइकिल रैली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी व अन्य)


अन्य समाचार