Rohtas Crime: कोचस में युवक की पीट-पीटकर कर दी गई हत्या, चोरी करते पकड़े जाने पर लोगों की पिटाई से मौत के कयास



संंवाद सूत्र, रोहतास। रोहतास के कोचस के नगर पंचायत वार्ड संख्या 11 के विनोद राम के घर से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है। शव की पहचान बगल के ही वार्ड संख्या तीन के निवासी रामायण सिंह के 20 वर्षीय बेटे विकास कुमार के रूप में हुई है।
युवक के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर स्वजनों को सौंप दिया है। लोगों ने आरोप लगाया कि विनोद राम के परिवार ने विकास की पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसके बाद फरार हो गया।


थानाध्यक्ष अमोद कुमार ने बताया कि विकास कुमार का शव नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 11 स्थित विनोद कुमार राम के घर से बरामद किया गया है। शरीर पर कई जगहों पर लाठी-डंडे से पीटने के निशान मिले है।
उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि विकास चोरी करने के लिए घर में घुसा होगा। तभी घरवाले और आसपड़ोस के लोग उसे देख मारपीट कर उसकी हत्या कर दी हैं। यह मॉब लिंचिंग का मामला भी हो सकता है।
बिहार: SP ने आरोपी का गलत आपराधिक रिकॉर्ड किया पेश, अदालत ने लगाया 10 हजार का जुर्माना, पेशी का दिया आदेश यह भी पढ़ें
उन्होंने बताया कि विनोद राम के घर से सभी स्वजन घर छोड़कर फरार हो गए हैं। आसपड़ोस के लोगों का कहना है कि वह चोरी करने घर में घुसा था। पकड़े जाने के बाद आस पडो़स के लोगों द्वारा उसकी पिटाई की गई। उसकी मौत कैसे हुई उसका पता नहीं चला है।
मृतक के भाई कृष्णा कुमार ने कहा कि मेरे भाई को जबरन घर में ले जाकर उसकी लाठी डंडे से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि विकास चोरी के आरोप में पहले दो बार जेल जा चुका है। हालांकि वह किस परिस्थितियों में घर के अंदर प्रवेश किया और कैसे उसकी मौत हुई इसकी जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अन्य समाचार