कनिका कपूर की हालत में सुधार, लेकिन चौथी रिपोर्ट भी पॉजिटिव

लखनऊ। बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर के शरीर में कोरोना वायरस बरकरार है। दसवें दिन भी उन्हें संक्रमण से छुटकारा नहीं मिला है। उनमें वायरस का लोड बना हुआ है। लंदन से लौटीं कनिका का जश्न देशभर में छा गया।

होम क्वारंटाइन नियमों का पालन न कर हाई प्रोफाइल पार्टियां कीं। तबीयत खराब होने पर 19 मार्च को शालीमार गैलंट आवास से उनका सैंपल कलेक्शन किया गया। किंग जॉर्ज चिकित्सा यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में 20 मार्च को जांच में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। इसके बाद लखनऊ शहर में हड़कंप मच गया। उनके संपर्क में आए मंत्री, सांसद व कई अन्य लोग अभी भी होम क्वारंटाइन में हैं। इसके बाद संजय गांधी पीजीआई लखनऊ में दो और टेस्ट किए गए।
सभी में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब रविवार को कनिका की चौथी रिपोर्ट आई है। इस रिपोर्ट में भी उनके शरीर में वायरस की पुष्टि हुई है। कनिका की केजीएमयू में एक व पीजीआई में तीन जांचें हो चुकी हैं। डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर बनाए हैं। उनकी हालत स्थिर है। बता दें कि कनिका कपूर के अलावा उनके संपर्क में आए 262 लोगों में से 60 लोगों की मेडिकल रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर 9 मार्च, 2020 को लंदन से मुंबई लौटी थीं, इसके दो दिन बाद वह लखनऊ आईं और कई पार्टियों में भी शामिल हुईं। कनिका कपूर की इस लापरवाही को लेकर उत्तर प्रदेश में उनके खिलाफ लखनऊ प्रशासन ने कई एफआईआर भी दर्ज करवाई है।

अन्य समाचार