चारों ओर गूंजा, सब पढ़ें सब बढ़ें

जागरण संवाददाता, खगड़िया : वर्ग आठवीं की परीक्षा उत्तीर्ण शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं का नामांकन वर्ग नवम में हो, इसको लेकर सरकार की ओर से प्रवेशोत्सव विशेष नामांकन अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान एक जुलाई से 15 जुलाई तक संचालित है। इसको लेकर शनिवार को सच में उत्सवी माहौल दिखा। विद्यालयों की ओर से प्रभात फेरी निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा और शिक्षक शामिल हुए। शहरी क्षेत्र समेत ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों से प्रभात फेरी निकाली गई। नामांकन को लेकर जागरूक किया गया। इस मौके पर अपनी बेटी का मान बढ़ाना, हर हाल में अब उसे पढ़ाना, सब पढ़ें, सब बढ़ें, हम बच्चों का नारा है, शिक्षा का अधिकार हमारा है, नारे से वातावरण गुंजायमान हो उठा। जागरूकता अभियान में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामपुर, अलौली, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, मानसी, घरारी, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय चैधा बन्नी, चंडी टोला, गोगरी आदि कि सक्रिय भूमिका रही।


जिला मुख्यालय में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी भूपेंद्र प्रसाद यादव और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पीएम पोषण योजना शैलेंद्र कुमार ने प्रवेशोत्सव नामांकन जागरूकता रथ एवं कला जत्था की टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। दोनों अधिकारी ने अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्षिक परीक्षा 2022 में उत्तीर्ण कक्षा आठवीं के शत प्रतिशत छात्र-छात्राओं का नामांकन कक्षा नवम में सुनिश्चित करने के लिए एक से 15 जुलाई तक माध्यमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेशोत्सव नामांकन अभियान चलाया जा रहा है।
इस मौके पर अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश भी दिए। कहा कि विशेष प्रवेशोत्सव नामांकन अभियान के सफल संचालन हेतु विशेष रुचि प्रदर्शित करते हुए संपूर्ण अभियान का अनुश्रवण करें। अपने स्तर से जिले में सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को सफल बनाना सुनिश्चित करें। इस मौके पर उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों से भी इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। ताकि जिले को शैक्षणिक रूप से विकसित किया जा सके। गीत और नुक्कड़ नाटक बनेगा नामांकन का हथियार

प्रवेशोत्सव नामांकन जागरूकता रथ के साथ संलग्न कला जत्था की टीम विभिन्न स्थानों पर जाकर इस विशेष नामांकन के लिए लोगों को जागरूक करेगी। कला जत्था की टीम प्रवेशोत्सव अभियान से संबंधित गीत, नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन कर जागरूक करेगी। इसको लेकर पंचायतवार निर्धारित रूट चार्ट उपलब्ध करा दिए गए हैं। ये थे मौजूद
इस अवसर पर अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी गोगरी मु. शफीक, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, खगड़िया, मु. नवाजिश अख्तर आदि मौजूद थे।

अन्य समाचार