विदेश में रहते हुए भी कोरोना से लड़ने के लिए इस सुपरस्टार ने खोल दिया अपना मुंबई वाला बंगला



भारत अभी कोरोना वायरस के संकट से जूझ रहा है। इस खतरे से लड़ने के लिए देश के कई सितारे हर संभव मदद कर रहे हैं। इसी बीच बॉलीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम ने ऐसा काम किया है जिसपर आपको गर्व होगा। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए उन्होंने अपने मड आइलैंड स्थित बंगले को कोरोना के मरीजों और उनकी देखभाल करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के लिए खोलने का फैसला किया है।
सोनू निगम इस समय देश के बाहर दुबई में हैं, लेकिन फिर भी उन्हें अपने देश के भविष्य की चिंता है। सोनू ने कहा, 'पूरी दुनिया के लिए यह बहुत कठिन समय है। ऐसे में जो जैसे कर सकता है, वैसे भारत सरकार की मदद करनी चाहिए। अगर किसी के पास खाली घर, मकान या बंगला मौजूद हैं, तो उन्हें इनका उपयोग भारत सरकार की मदद करने में करना चाहिए।'
स्थिति पर चिंता जाहिर करते सोनू कहते हैं, 'इटली, यूके और स्पेन के हालात को देखते हुए भारत को हर अनहोनी के लिए तैयार रहना चाहिए। हमारे देश की आबादी 130 करोड़ से ज्यादा है, और स्थिति बहुत नाजुक है। अगर देश में महामारी फैली तो हमारे पास अस्पताल कम पड़ सकते हैं। इस घटना से इंग्लैंड कुछ अलग ही तरह से निपट रहा है। उन्होंने कोरोना के मरीजों के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए किलोमीटरों लंबे आपातकालीन शिविर बनाए हुए हैं।'
बता दें कि, सोनू निगम 6 मार्च को मुंबई आने वाले थे। लेकिन किसी वजह वो आ नहीं पाए। फिर जब संक्रमण तेजी से फैलने लगा तो उनके मन में ख्याल आया कि अगर वो घर की तरफ जाते हैं तो वो अपने, अपने परिवार और अपने देश के लोगों को खतरा बन सकते हैं। यही सोच कर सोनू दुबई में ही रूक गए हैं।

अन्य समाचार