नप में दूसरे चरण का सैनिटाइजेशन कार्य आरंभ

औरंगाबाद। नगर परिषद द्वारा दूसरे चरण का सैनिटाइजर कार्य गुरुवार से आरंभ किया गया है। मुख्य पार्षद सोनी देवी ने बताया कि पूर्व में 12 अप्रैल से प्रथम चरण का कार्य आरंभ किया गया था। इसके तहत प्रत्येक वार्डों में घर-घर जाकर सैनिटाइजेशन का कार्य संपन्न किया गया। सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ एटीएम बैंकों को भी सैनिटाइज किया गया।कहा कि अब दूसरे चरण का कार्य वार्ड संख्या 27 से आरंभ है, जो एक-एक कर सभी वार्डों में किया जाएगा। कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी को देखते हुए सैनिटाइज कराया जा रहा है। सामाजिक दूरी तो जरुरी है ही, लेकिन सैनिटाइजेशन से उसके जीवाणु को मारा जा सकता है। उप मुख्य पार्षद पुष्पा कुमारी ने बताया कि प्रत्येक घरों को सैनिटाइज किया जा रहा है। वार्ड पार्षद टीम के साथ घूम-घूम कर सैनिटाइजेशन करा रहे हैं, सैनिटाइजेशन के तहत नालियों, दरवाजे खिड़कियों के साथ-साथ दीवारों पर प्रेशर के साथ कीटाणु रोधी दवा का छिड़काव किया जाता है। बताया कि दिन एवं रात दोनों पारियों में शहर की साफ सफाई की जा रही है। कोरोना योद्धा सफाई कर्मी दिन-रात सफाई कार्य में जुटे हैं। उन्होंने आम जनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि लॉकडाउन का पालन करें। घरों में रहें। तभी हम कोरोना से जीत सकते हैं।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार