महिला की हत्या मामले में दस पर प्राथमिकी, सास गिरफ्तार

गोपालगंज : थाना क्षेत्र के रेवतीथ गढ़ गांव में दहेज के लिए नकदी व वाहन की मांग पूरी नहीं होने पर हुई महिला की हत्या मामले में थाने में दस लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने मृतका की सास को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य आरोपित की धर पकड़ के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा गांव के निवासी संजय कुमार सिंह ने दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री नीपू देवी की शादी रेवतीथ गढ़ गांव के रौशन कुमार सिंह के साथ नवंबर 2019 में हुई थी। शादी के बाद नीपू के ससुराल जाने पर कुछ दिनों तक ठीक से रखा। बाद में दहेज में बाइक व सोने की चेन के अलावा नकदी की मांग की जाने लगी। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे उसके ससुराल के लोगों ने प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। कुछ समय तक वह प्रताड़ना को झेलती रही। इसके बाद भी जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो उसके पति रौशन कुमार सिंह तथा सास व ननद सहित अन्य लोगों ने मिलकर नीपू की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद जब वे अपनी पुत्री के ससुराल पहुंचे तो उनकी पुत्री मृत मिली। उधर घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाने में दर्ज प्राथमिकी में महिला के पति, सास व ननद के अलावा दस लोगों को आरोपित बनाया गया है। थानाध्यक्ष अमितेश ने बताया कि हत्या मामले में मृत महिला की सास को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार