अलग क्वारंटाइन सेंटर में रखे जा रहे रेड जोन से आए अप्रवासी

- बिक्रमगंज, सूर्यपुरा व दावथ प्रखंड में 15 लोगों का लिया गया नमूना

जागरण संवाददाता, सासाराम : रोहतास। दूसरे राज्यों से आने वाले अप्रवासी श्रमिकों से कोरोना संक्रमण के और बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रखंडों में दो तरह की क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया है। रेड जोन जिले से आने वाले अप्रवासी लोगों को प्रखंडों में बने अलग क्वारंटाइन सेंटर पर रखा जा रहा है जबकि जिन संदिग्धों का सैंपल क्लेक्ट कर जांच के लिए भेजा गया है, उन्हें अलग रहने की व्यवस्था की गई है। सैंपल कलेक्ट लोगों को प्रखंड स्वास्थ्य क्वारंटाइन सेंटर पर रखा जा रहा है। रविवार की देर रात तक चली बैठक में डीएम पंकज दीक्षित ने रेड जोन जिले से आने वाले अप्रवासियों को अगल क्वारंटाइन सेंटर में रखने का निर्देश दिया। इस कार्य में बीडीओ को सहयोग करने के लिए प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
होनहारों के लिए उम्मीद की एक किरण मैथ गुरु यह भी पढ़ें
सिविल सर्जन डॉ. जनार्दन शर्मा की माने तो रेड जोन जिले से आने वाले प्रवासी मजदूरों में कोरोना वायरस के होने की संभावना प्रबल है। जिसे देखते हुए उन्हें प्रखंडों में बने क्वारंटाइन सेंटर पर रखने का निर्णय लिया गया है, जबकि वैसे लोगों को प्रखंड स्वास्थ्य क्वारंटाइन सेंटर में रखा जा रहा है, जिनका सैंपल जांच के लिए पटना भेजा गया है। तीन दिन पूर्व जिले में जिन पांच लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, उसमें से चार अप्रवासी शामिल हैं। उसके पहले अप्रैल माह में भी आठ प्रवासी मजदूरों में कोरोना संक्रमण पाया गया था। चिकित्सकों द्वारा क्वारंटाइन सेंटर का समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है। कहा कि सैंपल देने के लिए लोगों को सदर अस्पताल नहीं आना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए प्रखंडों में नमूना संग्रहण का कार्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से किया जा रहा है। सदर अस्पताल के लैब टेक्निशियन ने सोमवार को सूर्यपुरा, बिक्रमगंज व दावथ प्रखंड में 45 लोगों का सैंपल कलेक्ट किया। इनसेट :
कंटेनमेंट जोन धौदाड़ में समान की होगी होम डिलीवरी
सासाराम : सदर प्रखंड के धौदाड़ के वार्ड संख्या पांच में कोरोना संक्रमित एक की हुई मौत व एक महिला में कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद जिला प्रशासन ने उसे कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए वहां पर दवा, सब्जी, किराना जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति होम डिलीवरी करने का निर्णय लिया है। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नजारत के उपसमाहर्ता महंथ स्वरूप को खाद्य सामग्री आपूर्ति के लिए भूमि सुधार उपसमाहर्ता प्रेमकांत सूर्य को चिकित्सा, डीएसओ समरेंद्र कुमार को रसोई गैस आपूर्ति व अन्य सामान की आपूर्ति के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के अधिकारी को नामित किया गया है। सामान की आपूर्ति दोपहर 12 से दो बजे तथा शाम पांच से सात बजे तक की जाएगी। जबकि दूध की आपूर्ति सुबह छह से दस बजे तक किया जाएगा।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार