टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज रोहित शर्मा की भी एक कमजोरी है, जिसमें कई बार यह खिलाड़ी फंस चुका है, जानते हैं उस कमजोरी के बारे में जिसने रोहित को काफी परेशान किया है

जिस रिकॉर्ड को पाने के लिए बल्लेबाज को सपने में भी हिम्मत दिखानी पड़ती है उस रिकॉर्ड को रोहित शर्मा ने हकीकत में एक नहीं तीन बार हासिल किया है। हम बात कर रहे हैं एकदिवसीय क्रिकेट में दोहरा शतक बनाने की। रोहित दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं जिसने वनडे में ये कमाल एक से ज्यादा बार किया है। एकदिवसीय क्रिकेट में रोहित का सर्वोच्च स्कोर 264 रन है, जो उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 13 नवंबर 2014 को बनाया था। हालांकि इस धाकड़ बल्लेबाज की भी एक कमजोरी है, जिसमें कई बार टीम इंडिया का ये खिलाड़ी फंस चुका है।

रोहित ने एकदिवसीय क्रिकेट में पहली बार दोहरा शतक 2 नवंबर 2013 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में बनाया था। इस मैच में रोहित ने 209 रन की पारी खेली थी। इसके एक साल बाद श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता में रोहित ने अपनी सर्वश्रेष्ठ 264 रन की पारी खेली थी। रोहित ने तीसरा दोहरा शतक 13 दिसंबर 2017 को श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में बनाया था। इस मैच में इस बल्लेबाज ने नाबाद 208 रन की पारी खेली थी।

ये तो बात हो गई रोहित के कीर्तिमान की, अब आइए जानते हैं उस कमजोरी के बारे में जिसने रोहित को काफी परेशान किया है। रोहित की सबसे बड़ी कमजोरी इनस्विंग गेंद है। इस गेंद पर कई बार वो अपना विकेट गंवा चुके हैं। टेस्ट फॉर्मेट हो, वनडे या फिर टी-20 रोहित कई बार इस गेंद का शिकार बने हैं। मुहम्मद आमिर और ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाजों ने इनस्विंग गेंदबाजी से रोहित को खासा परेशान भी किया है।

बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में रोहित इस गेंद की जाल में फंस चुके हैं। इनस्विंग गेंद पर रोहित अपने पैरों का मूवमेंट नहीं करते और हाथ से पूरा शॉट खेलने की कोशिश करते हैं। ऐसे में कई बार वो बोल्ड हो जाते हैं या फिर एलबीडब्ल्यू हो जाते हैं।

अन्य समाचार