गरीबों के चूल्हे की आंच को लौ दे रहा एक मुट्ठी अनाज अभियान

मोतिहारी। कोरोना महामारी के बीच सबसे अधिक परेशानी अगर किसी को है वह गरीबों को। काम ठप पड़ने से भूखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस महामारी में उनके घर के चूल्हे ठंडे नहीं हो इसके लिए पहल की है जीविका ने। एक मुट्ठी अनाज अभियान को जिले में प्रारंभ कर गरीबों को राहत पहुंचाया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी जिले में जीविका के सदस्यों ने उठाई है। जीविका के इस प्रयास को प्रशासनिक स्तर पर सहमति देकर संचालन करने का निर्देश भी दिया गया है। पिछले चार दिनों में सदस्यों ने गेहूं, चावल, चूड़ा, दाल, नमक समेत अन्य सामग्रियों को भारी मात्रा में संग्रह किया है। संग्रह किए गए सामान को पैकेट का स्वरूप देकर वैसे गरीबों के पास पहुंचाया जा रहा है जिन्हें इसकी जरूरत है। सबसे बड़ी बात है कि जिसे यह राहत मिल रही है उसे पता भी नहीं चल रहा है कि बिना मांगे उसके घर तक राशन कैसे पहुंच गया। इसके लिए जीविका का नेटवर्क काम कर रहा है। संपन्न लोग इस अभियान में कर रहे हैं सहयोग आपदा की इस घड़ी में राहत बांटने का कई स्तर पर काम किया जा रहा है। लेकिन जीविका का यह प्रयास अपने आप में अनोखा है। इससे जुड़े हजारों महिला सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में संपन्न लोगों से एक मुट्ठी अनाज देने की अपील कर रही हैं। संपन्न लोग इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। यहीं कारण है कि चार दिनों में खाद्यान्न व अन्य सामग्री का भंड़ार बढ़ गया है। इसे पैकट में बंद कर वैसे गरीबों को दिया जा रहा है, जिन्हें इसकी जरूरत है। यह अभियान जिले के हर प्रखंडों में जीविका की सदस्यों ने शुरू किया है। बताया गया कि पिछले चार दिनों में इस अभियान के तहत 16 क्विटल चावल, तीन क्विटल गेहूं, 90 किलो दाल, आलू 200 किलो, नमक 40 पैकेट, चूड़ा 10 किलो व बिस्कुट 90 पैकेट प्राप्त किया गया है। संग्रह के साथ वितरण का कार्य चल रहा है। यह अभियान पूरे जिले में लगातार संचालित किया जाएगा। वर्जन : जिले में एक मुट्ठी अनाज अभियान के माध्यम से गरीबों को मदद देने का प्रयास किया जा रहा है। जिले के हर प्रखंडों में इस अभियान के माध्यम से राहत पहुंचाई जा रही है।

पुष्प वर्षा के बीच घर रवाना हुए आठ कोरोना विजेता यह भी पढ़ें
वरुण कुमार, जिला प्रबंधक, जीविका
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार