मारपीट मामले में बजरंज दल कार्यकर्ता की गिरफ्तारी से आक्रोश

संवाद सहयोगी, किशनगंज : शहर के ठाकुरबाड़ी रोड में दो पक्षों के बीच हुए मारपीट मामले के नामजद आरोपित अमित त्रिपाठी उर्फ चिटू त्रिपाठी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रविवार देर शाम को टाउन थाना पुलिस ने गंगा बाबू चौक के समीप स्थित आरोपित के घर से गिरफ्तार कर सोमवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ता चिटू की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा, बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ता थाना के मुख्य द्वार के बाहर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिसके बाद जेल गेट के बाहर भी भाजपा जिलाध्यक्ष सुशांत दास के नेतृत्व में शांतिपूर्ण तरीके से कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ ताली बजाकर विरोध प्रकट किया। मौके पर सुशांत गोप ने कहा कि बजरंग दल के निर्दोष कार्यकर्ता को स्थानीय विधायक के दवाब में गिरफ्तार किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस ने राजनीतिक दबाव में उसे गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी ओर मामले को लेकर विहिप के जिलाध्यक्ष मनोज गट्टानी ने जिलाधिकारी आदित्य प्रकाश को एक ज्ञापन सौंप कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि घटना के वक्त अमित त्रिपाठी अपने घर में था। घटना से उसका कोई लेना देना नहीं है।
विकास योजनाओं की डाटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश यह भी पढ़ें
बताते चलें कि गत 13 मई को एक पुराने मामले की जांच के लिए पहुंची पुलिस के सामने ही दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए थे। घटना के बाद दोनों पक्षों के द्वारा टाउन थाना में मामला दर्ज कराया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस संबंध में टाउन थानाध्यक्ष श्याम किशोर यादव ने बताया कि लॉकडाउन व धारा 144 के उल्लंघन करने को लेकर कारवाई की गई है। इस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार