सरकारी जमीन से मिट्टी निकालने पर चली गोली में पूर्व मुखिया सहित चार घायल

थाना क्षेत्र के बिदपुरवां गांव में मंगलवार की शाम जमीनी विवाद में चली गोली में पूर्व मुखिया सहित चार लोग घायल हो गए। इसमें पूर्व मुखिया को नुआंव पीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। इसके अलावा अन्य तीन घायलों का इलाज पीएचसी में चल रहा है। घटना के बाद गांव में स्थिति अनियंत्रित होने लगी। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपितों को गांव से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों में बिदपुरवां गांव निवासी सह नुआंव पंचायत के पूर्व मुखिया श्याम नारायण बिद, अंतू बिद, मनोज बिद व बिहारी बिद शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार पूर्व मुखिया श्याम नारायण बिद के परिवार की कुछ बच्चियां पास के सरकारी जमीन में मिट्टी निकाल रही थी। जिस पर गांव के राम अवतार बिद ने मना करते हुए बच्चियों को मार कर भगा दिया। बच्चियों ने घर जा कर इस बात को अपने परिजनों से बताई। इस बात को पूछने जब पूर्व मुखिया गए तो राम अवतार बिद बकझक करते हुए विवाद करने लगा। विवाद के क्रम में ही उसने गोली चला दी जो पूर्व मुखिया को लग गई। ग्रामीणों के अनुसार पूर्व मुखिया को दो गोली लगी। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने पुन: दोबारा राम अवतार बिद व उसके परिवार के लोगों ने गोली चलाना शुरू कर दिया। जिससे अंतू बिद, मनोज बिद, बिहारी बिद घायल हो गए। तब पूर्व मुखिया के पक्ष के लोग गोली चलाने वालों को जान से मारने पर उतारू हो गए। स्थिति अनियंत्रित होते देख काफी संख्या में पुलिस बल को बुला कर गोली चलाने वाले आरोपितों को गांव से बाहर निकाल कर थाना पर लाया गया। जानकारी के अनुसार पुलिस ने राम अवतार बिद, शिवनारायण बिद व दिनेश बिद को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी रघुनाथ सिंह, नुआंव थानाध्यक्ष सुनीत सिंह सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद थी। आरोपितों के घर छापेमारी की जा रही है।

वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में चली गोली, तनाव यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार