हर्ष फायरिग के मामले में दो गिरफ्तार, दो नाली बंदूक बरामद

जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के करजी गांव में बुधवार की रात बर्थडे पार्टी में लॉकडाउन का उल्लंघन कर हर्ष फायरिग करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक दो नाली बंदूक को भी बरामद किया है। गिरफ्तार लोगों में चैनपुर थाना क्षेत्र के करजी गांव निवासी रामानंद उपाध्याय के पुत्र रितेश उपाध्याय व नीलमणि उपाध्याय शामिल हैं। इसके अलावा दो नाली बंदूक इसिया गांव के कुंअर सिंह के घर से बरामद की गई है। जबकि एक रायफल की बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। यह जानकारी एसपी दिलनवाज अहमद ने दी। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात बर्थडे पार्टी का वीडियो वायरल हुआ। इसमें कुछ युवक लॉकडाउन का उल्लंघन कर फायरिग भी किए। वीडियो वायरल होने के बाद एसडीपीओ भभुआ से सत्यापन कराया गया। जिसमें पता चला कि वीडियो करजी गांव का है। इसके बाद मौके पर छापेमारी कर रितेश व नीलमणि को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में बताया गया कि वीडियो में जो हथियार दिख रहा है वह इनके फुफेरा भाई मणिशंकर पांडेय ग्राम पिपरियां मोहनियां प्रखंड के निवासी का है। जो टोल प्लाजा पर काम करता है। इसके बाद टोल प्लाजा पर उसे पकड़ा गया। लेकिन उसने अपने को निर्दोष बताया। उसके मोबाइल का टॉवर लोकेशन भी ड्यूटी पर पाया गया। वीडियो में भी वह कहीं नहीं दिखा। लेकिन वीडियो दिखाने पर उसने बताया कि हथियार चांद थाना क्षेत्र के दुगुथुआं गांव निवासी महेंद्र सिंह व चैनपुर थाना क्षेत्र के इसिया गांव निवासी कुंअर सिंह का है। इसके बाद पुलिस ने इसिया गांव से कुंअर सिंह के घर से दो नाली बंदूक बरामद की। एसपी ने बताया कि हर्ष फायरिग को आ‌र्म्स एक्ट संशोधन अधिनियम 2019 के तहत अपराध घोषित किया गया है।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार