संपत्ति विवाद में पति ने सिलवट से की पत्नी की हत्या

बक्सर : गुरुवार की सुबह राजपुर थाना के तियरा में संपत्ति विवाद में पति ने सिलवट से मारकर पत्नी की हत्या कर दी। संपत्ति को लेकर घर में रोज झगड़े होते थे। गुरुवार की सुबह भी इसी बात पर घर में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पति ने आवेश में पत्नी के सिर पर सिलवट उठाकर दे मारा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद पति और घर के अन्य सदस्य फरार हो गए। हालांकि महिला के 13 वर्षीय पुत्र ने चीखते-चिल्लाते हुए आस-पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी दी। तब लोगों ने राजपुर थाने की पुलिस से संपर्क किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घटना के संदर्भ में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि मृतका का नाम माया देवी (42 वर्ष) है। जिसके पति राम सिंह उर्फ डब्लू राय के द्वारा उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। डब्लू एक बीएड कॉलेज में चपरासी है और उसका 18 वर्षीय बड़ा पुत्र दिल्ली में कोई काम करता है। वहीं छोटा बेटा शुधांशु गांव पर रहता है। डब्लू तीन भाई है और संपत्ति बंटवारे को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था। पिता रामनिवास राय भी इस विवाद में शामिल थे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दो या तीन दिन पूर्व महिला थाने पहुंची थी। उसका कहना था कि उसके ससुर द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा है और संपत्ति में हिस्सा नहीं दिया जा रहा है। हालांकि, कितनी संपत्ति का विवाद है यह उसने नहीं बताया। तब, पुलिस ने मौके पर पहुंच समझा-बुझाकर पारिवारिक मामले को शांत करा दिया था। इसी बीच हत्या का मामला सामने आ गया। पुलिस के अनुसार मृतका का मायका उत्तर प्रदेश में है। सूचना दी जा रही है। मायके वालों के पहुंचने पर मामला दर्ज कराया जाएगा। पुलिस ससुराल वालों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार