पूर्व प्रेमी ने गुप्ती घोंप की महिला की हत्या

संसू, भेल्दी : चैनपुर गांव निवासी प्रेम में पागल एक सनकी ने शुक्रवार की रात रिश्ते की भाभी को गुप्ती से ताबड़तोड़ वार कर मार डाला। पुलिस ने आरोपित युवक दीपक राम को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मृतका की भतीजी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।

आरोप लगाया है कि अपनी चाची अमर राम की पत्नी रेखा देवी व गांव की दो अन्य लड़कियों के साथ शुक्रवार की रात शौच के लिए निकली थी। तभी गांव के ही रामबाबू राम के पुत्र दीपक राम ने पीछे से आकर भाभी को पकड़ लिया। उस वक्त फोन पर वह किसी से बात कर रही थी। दोनों में कहासुनी होने लगी। इतने में दीपक ने कमर से गुप्ती निकाली और चाची के चेहरे व पेट पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। रेखा लहूलुहान होकर गिर पड़ी। यह देख लड़कियां गांव की तरफ भागीं और लोगों को घटना की जानकारी दी। जब तक गांव के लोग पहुंचते दीपक राम फरार हो चुका था। रेखा देवी की मौत हो चुकी थी। लोगों ने दीपक राम को पकड़ लिया। घटना की सूचना भेल्दी थानाध्यक्ष विकास कुमार को मिली। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। पोस्टमार्टम होने के बाद शव चैनपुर गांव में पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की दोनों पुत्रियों का रो रो कर बुरा हाल था। बता दे कि मृतका का पति लॉकडाउन की वजह से बाहर फंसा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि दीपक राम की पूर्व में रेखा देवी से करीबी थी। बात में रिश्ते में दूरी बढ़ गई। इसके बावजूद दीपक राम उसपर अधिकार जमाता था। शुक्रवार की रात किसी और फोन पर बात करते देख उसने घटना को अंजाम दिया।

अन्य समाचार