दो पक्षों के विवाद में पुलिस को लाठी चलाना पड़ा महंगा

संवाद सूत्र, बिदुपुर :

बिदुपुर थाने की गश्ती पुलिस को बीते शुक्रवार की रात चकसिकन्दर बाजार में ग्रामीणों के दो गुटों के बीच हुए विवाद में लाठी चलाना महंगा पड़ गया। ग्रामीणों ने भी जवाब में पुलिस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया और खूब खरी-खोटी सुनाई। कुछ ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर हाथ भी चलाया। हालांकि पुलिस ने मारपीट से इन्कार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार की देर रात चकसिकन्दर बाजार के समीप मामूली विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में झगड़ा कर रहे थे। दोनो पक्ष मारपीट पर उतारू थे। उसी दौरान बिदुपुर थाने की गश्ती पुलिस वहां पहुंची और भीड़ पर लाठियां चटकाईं। इस मौके पर उपस्थित पंचायत के पूर्व उपसरपंच अरविद कुमार पासवान पुलिस की लाठी से चोटिल हो गए। पासवान के चोटिल होते ही भीड़ उग्र हो गयी और पुलिस को घेरकर फजीहत कर डाली। सूचना मिलने पर राजापाकर और अन्य थाने की पुलिस भी वहां पहुंच गई। बिदुपुर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार की पहल पर मामले को शांत कराया गया।

इस सम्बंध में थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने पुलिस के साथ मारपीट होने की घटना से इन्कार किया है। उन्होंने बताया कि चकसिकन्दर में दो पक्षों के बीच हो रहे। मारपीट को शांत कराने गई पुलिस से ग्रामीण उलझ गए थे। ग्रामीणों को शांत कराया गया। इस सम्बंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार