coronavirus : प्रवासियों के आने से बढ़ा कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्तियों की संख्या, लोग दहशत में

भागलपुर, जेएनएन। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस की संक्रमितों की संख्‍या से लोग दहशत में आ गए हैं। प्रवासियों के आने से यह सिलसिला और बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद लॉकडाउन का लोग पालन नहीं कर रहे हैं।

जिले में शनिवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसमें एक महिला और दो युवक शामिल हैं। तीनों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर जांच के लिए सैंपल भेजे जा रहे हैं।
नाथनगर प्रखंड की भुवालपुर पंचायत का एक युवक कोरोना संक्रमित मिला है। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे तत्काल आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। युवक की ट्रेवल हिस्ट्री भी है। वह 17 मई को अपने तीन साथियों के साथ मुंबई से आया था और होम क्वारंटाइन में था। 21 मई को उक्त युवक को क्वारंटाइन सेंटर में लाया गया था। उसी दिन उसका सैंपल लिया गया था। युवक से उसका एक रिश्तेदार बराबर मिलता-जुलता था। उसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। नाथनगर इंस्पेक्टर मु.सज्जाद हुसैन ने बताया इस बात की पड़ताल की जा रही है कि उक्त युवक गांव आने के बाद कितने लोगों से मिला था और उनका जो रिश्तेदार था वह कितने लोगों के संपर्क में आया था।
वहीं पीरपैंती प्रखंड के इशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र के मंसरपुर सिंघाड़ी गांव की एक महिला जांच में कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉ. सुकेश लाल एवं स्वास्थ्य प्रबंधक प्रणव कुमार ने बताया कि उक्त महिला कहलगांव के शारदा पाठशाला क्वरंटाइन सेंटर में थी। वह 17 मई को ओडिशा के बालासोर स्थित बालेश्वर से आई थी। वहां वह से बस द्वारा गोड्डा आई थी। गोड्डा से पुन: बस पकड़कर महेरमा आई। महेरमा से वह बिहार बॉर्डर पैदल पारकर इशीपुर उच्च विद्यालय में बने क्वारंटाइन सेंटर में 17 मई को रुकी। 21 मई को महिला के साथ सात लोगों को जांच हेतु कहलगांव शारदा पाठशाला सेंटर पर भेजा गया। जहां सभी का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में उक्त महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। शनिवार को मेडिकल टीम व इशीपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने महिला के संपर्क में आए आठ लोगों को जांच हेतु कहलगांव क्वारंटाइन सेंटर भेजा है, जहां से सभी का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
उधर, सुल्तानगंज प्रखंड के बाथ थाना क्षेत्र के धांधीबेलारी गांव के एक 22 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। बताया जाता है कि वह 19 मई मंगलवार को मुंबई से भागलपुर आया था। वहां से बस द्वारा धांधीबेलारी के क्वारंटाइन सेंटर में उसे लाया गया था। संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर उसे 20 मई बुधवार को सैंपल के लिए भागलपुर भेजा गया था। शनिवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

अन्य समाचार