पालतू कुत्ते के भौंकने पर भाइयों में भड़का विवाद, गोलीबारी के बाद एक को इतना पाटी कि हो गई मौत

रोहतास, जेएनएन। पालतू कुत्‍ते के भौंकने पर भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि गोलीबारी हो गई। इसमें एक बच्‍ची घायल हो गई। इसके बाद गोली चलाने वाले भाई को इतना पीटा कि उसकी माैत हो गई। घटना बिहार के रोहतास जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाढ़ी गांव में देर रात हुई।

गोली चलाने पर भड़के भाई, इतना पीटा कि हो गई मौत
मिली जानकारी के अनुसार बेलाढ़ी गांव में सहोदर भाइयों के बीच एक भाई के पालतू कुत्ते के भौंकने को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक भाई गोपाल राम (55 साल) ने गोली चला दी। इसके बाद अन्य भाइयों ने उसे पकड़कर जमकर पीट दिया। पिटाई में बुरी तरह घायल होने के बाद उसे सदर अस्पताल सासाराम ले जाया गया, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
एक भाई के पालतू कुत्ता के भौंकने पर शुरू हुआ झगड़ा
गोपाल के स्वजनों ने बताया कि उसके घर में एक पालतू कुत्ता है। उसके भौंकने पर एक भाई ने उसकी पिटाई कर दी। इसे लेकर सगे भाइयों में झगड़ा हो गया। कुछ ही देर में विवाद हिंसक हो गया। इसी दौरान गोपाल राम ने गोली चला दी। थानाध्यक्ष उमेश कुमार के अनुसार बच्ची की हथेली में गोली लगने के बाद उसके पिता मनोज राम व एक अन्य छोटे भाई अनिल राम ने गोपाल की पिटाई कर दी। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के एफआइआर दर्ज, दो आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने शव का पोस्टमार्अम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया है। मामले में दो आरोपित मनोज राम व अनिल राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक की पत्नी के बयान पर एफआइआर दर्ज कर ली गई है। वहीं बच्ची का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वह खतरे से बाहर बताई गई है।

अन्य समाचार