मां-बेटी के बाद अब बेटा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया

संवाद सहयोगी, सोनपुर :

कोरोना के बढ़ते कहर ने सोनपुर के विभिन्न गांवों के सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार को प्रखंड अंतर्गत डुमरी बुजुर्ग एक मां तथा उसकी 12 वर्षीय बेटी जांच में पॉजिटिव पायी गयी थी। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में उसका 15 वर्षीय बेटा भी पाजिटिव पाया गया। इसकी जानकारी देते हुए कोरोना के नोडल पदाधिकारी डॉ अभिषेक कुमार सिन्हा ने बताया कि यह तीनों अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ हरियाणा गुरुगांव से 14 मई को ही यहां आए थे। वे लोग घर नहीं जा कर सीधे अस्पताल ही पहुंचे थे। इसी क्रम में अनुमंडलीय चिकित्सालय के प्रबंधक डॉ. मृत्युंजय कुमार पांडे ने बताया कि उन दोनों को यहां के पीआर कॉलेज में क्वारंटाइन कर दिया गया था। तत्पश्चात उन्हें सैंपल कलेक्शन के लिए यहां के एएनएम प्रशिक्षण केंद्र स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया।
क्वारंटाइन अवधि पूरी होने पर प्रवासियों को दी गई विदाई यह भी पढ़ें
शनिवार को आई उन पांचों की रिपोर्ट में उसके परिवार के पति तथा अन्य सदस्य निगेटिव पाए गए जबकि मां तथा उसकी 12 वर्षीया पुत्री को कोरोना संक्रमित पाया गया। रविवार को उसके बेटे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पायी गयी। दूसरी ओर सोनपुर के अंग्रेजी बाजार में एक पॉजिटिव मामला पाए जाने के बाद शुक्रवार की शाम को ही यहां के सभी प्रमुख रास्तों को सील कर दिया गया। यह क्षेत्र कंटेनमेंट जोन घोषित है। लगातार सोनपुर के विभिन्न मामलों में आ रहे कोरोना पॉजिटिव मामलों से लोग सहमे हुए हैं। जैसे-जैसे दूसरे प्रांतों से यहां कामगारों व अन्य लोगों का आगमन हो रहा है, वैसे-वैसे खतरा भी बढ़ता जा रहा है। इनमें कुछ लोग ऐसे हैं जो बाहर से जैसे-तैसे घर पहुंच तो गए कितु बिना स्वास्थ्य जांच कराए ही वे अपने घरों में दुबके हुए हैं। परिणामस्वरूप आसपास के लोग सहमे हुए हैं।
बस,ट्रक तथा कंटेनर आदि वाहनों से यहां लगातार प्रवासियों के आगमन का सिलसिला जारी है। इसमे कुछ तो स्वास्थ्य परीक्षण के लिए हॉस्पिटल पहुंच जा रहे हैं, जबकि बहुत ऐसे हैं जो बिना जांच के ही घरों में बैठे हैं।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार