युवक की हत्या कर शव को पुल के नीचे फेंका

जेएनएन सुपौल/लौकहा बाजार: सदर थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव के एक युवक की हत्या रविवार को कर दी गई। जिसका शव देर शाम गांव के सड़क पर बने उक्त पुलिया के नीचे से अ‌र्द्धनग्न अवस्था में बरामद किया गया। शव विशनपुर गांव के वार्ड नं.-4 निवासी शत्रुघ्न यादव के 32 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार यादव का है जिसके गले पर काले रंग का निशान पाया गया है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसकी हत्या गले में फंदा लगाकर कर दी गई है। थानाध्यक्ष दीनानाथ मंडल ने बताया कि गले के अलावा शरीर के किसी भाग में कोई जख्म के निशान नहीं है। उन्होंने बताया कि मुकेश चार दिन पूर्व मधेपुरा जिले के गम्हरिया स्थित अपने ससुराल गया हुआ था और रविवार को वह लौट कर घर आ रहा था। लेकिन रात लगभग दस बजे उसके परिवार वालों को उसका शव मिला। घटना किसने और किस उद्देश्य से की यह अभी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि शव जिस पुलिया के नीचे से बरामद किया गया है वह गांव से लगभग पांच सौ गज दूर है। मुकेश के शरीर पर सिर्फ जंघिया व गंजी था। अभी पुलिस को उसके ससुराल वालों से सम्पर्क नहीं हो पाया है। मुकेश के परिवार वालों द्वारा रात के लगभग साढ़े ग्यारह बजे घटना की सूचना दी गई। बहरहाल इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। सोमवार को शव सदर अस्पताल लाया गया जहां पुलिस पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार