जमीन विवाद में अपनों की गोलीबारी में जख्मी महिला की मौत

संवाद सहयोगी, हिलसा : लॉक डाउन में शहरों से प्रवासियों के लौटने से गांव गुलजार हुए हैं परंतु सवांग के घर आने के बाद गोतिया के बीच पुराना जमीन विवाद भी उभरने लगा है। 21 मई को हिलसा थाना क्षेत्र के मियां बिगहा गांव में ऐसा ही पुराना विवाद उभर गया। दो गोतिया आपस में भिड़ गए। एक पक्ष भारी पड़ा तो उसने अपने ही रक्त संबंधी के घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट के साथ गोलीबारी तक कर दी। इस दौरान एक महिला की गर्दन में गोली लग गई। अंतत: 25 मई को उसने पटना के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। यहां बताना जरूरी है कि महिला का नाम कुमारी कोमल था। उसका गांव की जमीन व राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था। वह पटना में पति व चार साल की बच्ची सान्वी के साथ खुशी-खुशी रह रही थी। लॉकडाउन होने के कारण टाटा स्काई के एरिया मैनेजर पति विवेक सिंह वर्क फ्रॉम होम थे तो वह करीब 10 साल बाद गांव आई थी। उसे क्या पता था कि जिसे वह अपने गोतिया का देवर, जेठ, ससुर मानती रही है, वही जमीन के छोटे से टुकड़े के लिए खून के प्यासे हो जाएंगे और उसे ही गोली मार देंगे। सोमवार को भारी मन से पत्नी का शव लेकर पटना से गांव लौट रहे विवेक ने जागरण से कहा कि उसकी तो दुनिया ही उड़ गई। अब वह कभी गांव नहीं आएगा। लेकिन पत्नी को न्याय जरूर दिलाएगा। देर शाम महिला का अंतिम संस्कार फतुहा गंगा घाट पर किया गया।

लगातार ड्यूटी कर रहा सिपाही निकला कोरोना पॉजिटिव, लंबी चेन बनने की आशंका यह भी पढ़ें
................
मामले में 20 नामजद व 25 अज्ञात, अब तक कोई नहीं गिरफ्तार
...............
रेलवे सिग्नल के पोल में लटका मिला युवक का शव, स्वजन ने जताई हत्या की आशंका यह भी पढ़ें
विवेक के पिता विश्वनाथ सिंह ने इस मामले में 22 मई को हिलसा थाने में 20 नामजद एवं 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। परंतु अभी तक पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जिससे उनके गोतिया का दुस्साहस बढ़ा हुआ है और लगातार धमकियां दिला रहे हैं। बताया कि परेशान करने के गांव के ही एक व्यक्ति से अनुसूचित जाति अधिनियम में झूठा केस करा दिया है। उन्होंने पुलिस से जान-माल की रक्षा की गुहार लगाई है। बताया जाता है कि मियां विगहा निवासी रिश्ते में भाई विश्वनाथ सिंह एवं दीनानाथ सिंह के बीच जमीन बंटवारा को लेकर पहले से विवाद चला रहा था। तीन दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी के बाद गोलीबारी तक हो गई। जिसमें विश्वनाथ सिंह की बहू को गोली लग गई थी।
..............
सुबह में दुल्हन घर में आई, शाम में गोतनी की अर्थी सजी
.............
संवाद सहयोगी, हिलसा : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार की रात कोमल के देवर अभिषेक की शादी हुई। सोमवार की सुबह नई नवेली दुल्हन घर में पहुंची। उधर, गोतनी पटना के अस्पताल में जीवन-मौत के बीच जूझ रही थी। नई दुल्हन के घर में आए कुछ घंटे ही बीते थे कि फोन पर सूचना मिली कि कोमल का निधन हो गया है। घर में कोहराम मच गया।
बता दें कि विश्वनाथ सिंह के तीन पुत्र हैं। इनमें से छोटे अभिषेक सिंह की शादी रविवार को हुई थी। तीनों भाई पटना में रहकर अलग-अलग नौकरी करते हैं।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार