क्वारंटाइन सेंटरों पर प्रतिनियुक्त कर्मियों को मिले भोजन की राशि

आरा। क्वारंटाइन केंद्रों पर प्रतिनियुक्त कर्मियों को भोजन व अल्पाहार मद में प्रतिदिन 350 रुपये देने के सरकारी प्रावधान के बावजूद पीरो व तरारी प्रखंडों में कई क्वारंटाइन केंद्रों पर प्रतिनियुक्त कर्मियों को अब तक फूटी कौड़ी नहीं दी गई है। यहां संबंधित पदाधिकारियों के रूख से नहीं लगता है कि छुट्टियों के दिन भी डयूटी करने वाले कर्मियों को उक्त राशि दी जाएगी। बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष गोरख नाथ सिंह एवं टेट एस्टेट उतीर्ण शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि क्वारंटाइन केंद्र पर प्रतिनियुक्त नियोजित शिक्षकों व अन्य कर्मियों को कार्य अवधि का भोजन का पैसा नहीं देना दुर्भाग्यपूर्ण है। केंद्रों पर प्रतिनियुक्त नियोजित शिक्षक बिना किसी सुरक्षा के जान जोखिम में डाल कर ड्यूटी कर रहे हैं। क्वारंटाइन केंद्र पर प्रतिदिन प्रवासी मजदूरों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में बिना किसी सुरक्षा के कार्य करना खतरा से खाली नहीं है। बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ भोजपुर के जिला अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह मंटू एवं माध्यमिक शिक्षक संघ पीरो के अनुमंडल सचिव भीम राय ने सभी प्रखंडों के अंचलाधिकारी से मांग की है कि अविलंब क्वारंटाइन केंद्र पर प्रतिनियुक्त सभी कर्मियों को उनके अल्पाहार एवं भोजन की राशि भुगतान किया जाए। साथ ही क्वारंटाइन केंद्र पर जो प्रवासी मजदूर रेड जोन से आ रहे हैं उनकी देखभाल में लगे नियोजित शिक्षकों या फिर अन्य कर्मियों को मास्क, गलब्स, सैनिटाइजर तथा सुरक्षा किट की व्यवस्था की जाए। बिना सुरक्षा उपकरण के ड्यूटी करना संभव नहीं है क्योंकि ऐसे में खतरा का संभावना ज्यादा है।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार