दरिहट क्वारंटाइन सेंटर में प्रवासी की हुई मौत, कैंसर से था पीड़ित

स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के दरिहट क्वारंटाइन सेंटर में मुंबई से आए एक प्रवासी मजदूर की मौत मंगलवार की देर रात हो गई। मृतक मनोज पाल 35 वर्ष दरिहट थाना क्षेत्र के दरिहट गांव के निवासी थे। वे मुंह के कैंसर से ग्रसित थे। मनोज 15 मई को मुंबई से अपने गांव लौट क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही सेंटर में रह रहे मृतक के परिवार ने रोते बिलखते थाना एवं अन्य अधिकारियों को सूचना दी।

बताया जाता है कि मृतक मनोज पाल दरिहट निवासी बिदेश्वरी पाल का पुत्र है। मनोज का बड़ा भाई सुनील पाल मुंबई में रिक्शा चलाता है। फरवरी महीने में सपरिवार मुंबई गए थे। जहां मृतक अपना माउथ कैंसर का इलाज निजी अस्पताल में करा रहा था। इसी बीच लॉकडाउन होने के बाद 15 मई को स्पेशल ट्रेन से सपरिवार गांव लौटे और रामप्यारी बालिका मध्य विद्यालय क्वारंटाइन सेंटर में अपनी मां, भाई सुनील पाल, भाभी और भतीजा के साथ रह रहा था। अनुमंडल प्रशासन ने मृतक और साथ में चार सदस्य को एक हॉल में अलग रखा था। मनोज की भाभी जब खाना खिलाने के लिए जगाने गई तो देखी वह मृत पड़ा हुआ था।

सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष तिल्ला उराव क्वारंटाइन सेंटर पहुंचकर वरिय अधिकारी को घटना की जानकारी दी जिसके बाद क्वारंटाइन सेंटर पर बीडीओ अरुण कुमार सिंह पहुंचकर घटना की जानकारी डीएम पंकज दीक्षित को दी। डीएम के निर्देश पर 12 सदस्यीय मेडिकल टीम क्वारंटाइन सेंटर पहुंची। जहां छह सदस्यों ने मृतक का कोरोना सैंपल लेकर शव को सील कर दूसरी टीम को दाह संस्कार के लिए सौंप दिया। बुधवार को मेडिकल टीम की उपस्थिति में अर्जुन बिगहा घाट पर बड़े भाई सुनील पाल के द्वारा दाह संस्कार किया गया। वहीं मृतक का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है । जांच रिपोर्ट आने तक परिजनों को फिर से क्वारंटाइन सेंटर में रख दिया गया है। बीडीओ ने बताया कि मनोज कैंसर से पीड़ित था । वरीय अधिकारियों से इस संबंध में जो भी दिशानिर्देश मिलेगा उसका पालन किया जाएगा।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार