भूमि विवाद माकपा-भाकपा के बीच गोलीबारी, तीन जख्मी

छौड़ाही, बेगूसराय। गुरुवार की दोपहर छौड़ाही अंचल के बाजितपुर गांव में सरकार द्वारा जब्त विवादित जमीन को कब्जा करने को लेकर सीपीआइ और सीपीएम कार्यकर्ताओं में हिसक भिड़ंत हो गई। इस दौरान एक पक्ष द्वारा की गई गोलीबारी में सीपीएम के तीन कार्यकर्ता गंभीर रुप से घायल हो गए, वहीं मारपीट में 10 कार्यकर्ता घायल हैं। घायलों का इलाज बेगूसराय एवं खोदावंदपुर के सरकारी अस्पताल में चल रहा है। गोली से घायलों की पहचान गौड़ी दास, बुच्ची दास और चुनमुनिया देवी के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार बाजितपुर गांव के विवादित 241 बीघे भूमि में से 29 बीघा जमीन का पट्टा सीपीएम कार्यकर्ता जयराम दास के नाम से है। इस भूमि पर विगत कई दिनों से सहुरी पंचायत के मुखिया रामसेवक पासवान व सीपीआइ समर्थक चंदन यादव द्वारा कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। सीपीएम के शाखा मंत्री मुन्ना ठाकुर और जयराम दास ने बताया कि मुखिया रामसेवक पासवान व उनके समर्थक हथियार से लैस हो जमीन में लगी फसल को बर्बाद कर घर बनाने का प्रयास करने लगे। विरोध से बौखलाए मुखिया के आदेश पर चंदन यादव समेत अन्य बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जिसमें तीन लोग घायल हो गए। वहीं लाठी डंडे की पिटाई से दहाड़ दास, बुटल दास, चुनो देवी, गांगो दास, चंदन दास, राम देव दास, रौशन दास, बुलबुल दास, तेतरी देवी और कारो देवी घायल हुए। दो घंटे तक गोलीबारी होती रही। इस दौरान छौड़ाही ओपीध्यक्ष द्वारा फोन नहीं उठाने पर खोदावंदपुर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस के पहुंचने तक गोलीबारी होती रही। जिसके बाद आस-पास के कई थाने से पुलिस बल बुला कर दोनों पक्ष को शांत कराया गया। दूसरी तरफ सीपीएम नेता सह पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह, रत्नेश झा एवं खोदाबंदपुर के उप प्रमुख नेतराम यादव ने छौड़ाही ओपी अध्यक्ष ओमप्रकाश को बर्खास्त करने की मांग को लेकर धरना पर बैठे हैं।
कुख्यात के बथान पर बन रही अपराध की योजना, दो गिरफ्तार यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार