राघोपुर में 12 क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया

संवाद सूत्र, राघोपुर :

लाक डाउन के दौरान देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले प्रवासी कामगारों के लिए राघोपुर में प्रखंड स्तरीय 13 क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं। सभी सेंटर पर नोडल पदाधिकारी की तैनाती एवं सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। राघोपुर सीओ राणा अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल पांच सेंटर पर 208 प्रवासी रह रहे हैं। सभी रेड जोन से आने वाले प्रवासी हैं। कहा कि प्रखंड के श्री बिदा सिंह जंगली सिंह उच्च विद्यालय एवं राजकीय मध्य विद्यालय फतेहपुर, उच्च विद्यालय रामपुर श्यामचंद समेत 9 विद्यालयों में क्वारंटाइन सेन्टर बनाए गए हैं। सीओ ने बताया कि 14 दिन क्वारंटाइन की अवधि पूरा करने वाले 1036 प्रवासी कामगारों को उनके घर भेज दिया गया है। प्रखंड के सभी प्रखंड स्तरीय सेंटर में प्रवासी कामगारों के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। जहां प्रवासी कामगारों को सरकारी गाइडलाइन के तहत सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सभी सेंटर पर मनोरंजन के लिए टीवी लगाई गई है। सीओ ने कहा कि प्रवासी कामगारों को सुबह-शाम व्यायाम कराया जा रहा है।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार