बीमार बहन का हाल जानने गए भाई की दुर्घटना में मौत

बक्सर : बीमार बहन का रोहतास जिले के डिहरी गांव हाल जानने गए बाइक सवार भाई चुनमुन सिंह की रविवार की रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जिससे स्वजनों में कोहराम मच गया। मृत युवक बक्सर जिलान्गर्तत डुमरांव अंचल के डुभकी गांव निवासी सोना सिंह का इकलौता पुत्र है। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतक के माता-पिता सहित पत्नी एवं बच्चों के रूदन-क्रंदन से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो उठा। समाचार भेजे जाने तक मृतक का शव घटनास्थल डिहरी से डुभकी नहीं पहुंचा था। बताया जाता है कि युवक चुनमुन सिंह अपनी इलाजरत बड़ी बहन ममता देवी का हालचाल लेने डिहरी गया था। अस्पताल में इलाजरत बहन की समाचार लेने के बाद वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी बीच डिहरी-ऑनसोन के निकट भरखोल खुटहा के पास चुनमुन सिंह की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। पुलिस द्वारा शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल ले जाने के दरम्यान बहनोई द्वारा साला की बाइक के आधार पर शव की पहचान की गई। चुनमुन सिंह की मौत के बाद एक तरफ माता लालमुनि देवी एवं पिता सोना सिंह यादव के बुढापे का सहारा छीन गया। वहीं, पत्नी सीमा देवी का सुहाग मिट गया। साथ ही, दो अबोध बच्चे ओम एवं रागिनी के सिर पर से पिता का साया उठ गया। शव का दाह संस्कार के लिए कबीर अंत्येष्टि योजना की राशि का भुगतान डुमरांव अनुमंडलाधिकारी के हस्तक्षेप पर अरियांव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बब्लू सिंह द्वारा किया गया।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार