जन सुरक्षा को बांटे जाएंगे एक लाख मास्क: डीएम

अरवल : अरवल जिले में कोराना से नागरिकों की सुरक्षा के लिए एक लाख मास्क का वितरण किया जाएगा। जीविका दीदी के माध्यम से बड़े पैमाने पर मास्क का निर्माण कराया जा रहा है ताकि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के घर से बाहर नहीं निकलें। उक्त बातें जिलाधिकारी रविशंकर चौधरी ने गुरुवार को स्थानीय गांधी मैदान में पांच जून को आयोजित होने वाले पर्यावरण दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य आयोजित बैठक में कही।

उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि जहां कहीं भी जाते हैं या जिन लोगों से संपर्क होता है उन्हें यह बताएं लोग मास्क पहनकर ही कहीं जाएं। यदि वे लोग घरों से निकलें तो मास्क जरूर लगाएं। बाजार जाएं तो भी मास्क लगाना नहीं भूलें। उन्होंने कहा कि पांच जून को पर्यावरण दिवस पर समारोह का आयोजन होना है। गांधी मैदान में सुबह सात बजे सभी लोग आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैदान की अच्छी तरह से साफ-सफाई कराएं। समारोह के दौरान वहां पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समारोह में उपस्थित लोगों को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में मास्क वितरण अभियान का कार्यक्रम चलाया जाएगा ताकि सभी लोग इसका उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कम से कम एक लाख मास्क का वितरण किया जाएगा। जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए मास्क एवं खादी भंडार के मास्क का वितरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले का एक भी व्यक्ति मास्क रहित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी क्वारंटाइन सेंटर को प्रतिदिन सैनिटाइज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयों में भी प्रतिदिन इसका स्प्रे करना है। जिलाधिकारी द्वारा भवन निर्माण, शिक्षा तथा कृषि विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता ज्योति कुमार, उपविकास आयुक्त राजेश कुमार एवं सिविल सर्जन डॉ अरविद कुमार शर्मा आदि लोग भी मौजूद थे।
फल व मछली बिक्रेताओं को दिया मास्क व साबुन यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार