तीन और प्रवासी मिले कोरोना पॉजिटिव, 135 पर पहुंचा आंकड़ा

गोपालगंज : लॉकडाउन की लंबी अवधि बीतने के बाद अनलॉक वन में भी सात दिन का समय बीत गया है। इस बीच ठप पड़ी तमाम गतिविधयां तेज होने लगी हैं। बावजूद इसके संक्रमण का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को जिले में तीन और प्रवासी कोरोना से संक्रमित मिले। संक्रमण के नए मामलों के सामने आने के बाद जिले में कोरोना संक्रमित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 135 तक पहुंच गया है। इनमें से 74 लोग ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। बावजूद इसके जिले में अब भी कुल एक्टिव केस की संख्या 61 है। रविवार को संक्रमित मिले तीनों लोगों को क्वारंटाइन सेंटर से आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। संक्रमित मिले तीनों लोग हाल में दिल्ली व मुंबई से वापस घर लौटे थे।

राजद कार्यकर्ताओं ने थाली बजाकर वर्चुअल रैली का किया विरोध यह भी पढ़ें
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि एक जून को गोपालगंज पहुंचने के बाद इन तीनों प्रवासियों को अन्य लोगों के साथ क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती कराया गया था। जहां चिकित्सकों की देखरेख में इन्हें रखा गया। क्वारंटाइन सेंटर में प्रवासियों में संक्रमण उभरकर सामने आया। जिसके बाद 25 अन्य लोगों के साथ इनका भी सैंपल प्राप्त किया गया। रविवार को पहुंचे इन लोगों की सैंपल जांच रिपोर्ट में तीन लोग पॉजिटिव मिले। जबकि अन्य लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव मिली। रिपोर्ट आने के बाद सिविल सर्जन टीएन सिंह के निर्देश पर क्वारंटाइन सेंटर पहुंची चिकित्सकों की टीम ने सभी पांच संक्रमित मिले प्रवासियों को एंबुलेंस से आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया। संक्रमित मिले सभी लोग दिल्ली व मुंबई में रहकर काम करते थे। पॉजिटिव मिले लोगों में जिला मुख्यालय का एक युवक शामिल है। जिसकी उम्र 25 वर्ष है। इसी प्रकार कटेया प्रखंड में संक्रमित मिले दो लोगों की उम्र क्रमश: 25 व 35 वर्ष है।
इनसेट
अब भी 492 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार
गोपालगंज : जिले के अलग-अलग क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे 492 लोगों की सैंपल जांच रिपोर्ट अबतक जिले को प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि इनकी सैंपल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जिले में संक्रमित लोगों की संख्या में और बढ़ोत्तरी हो सकती है। बहरहाल प्रशासन सैंपल जांच रिपोर्ट प्राप्त होने का इंतजार कर रहा है। ज्ञातव्य है कि अब जिले में प्रत्येक दिन अब अधिक से अधिक लोगों का सैंपल प्राप्त कर उनकी जांच किए जाने का कार्य प्रारंभ किया गया है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार