महज 50 हजार के लिए महिला की गला दबाकर हत्या

गोपालगंज। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर पिपरा गांव में दहेज में महज 50 हजार रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर करीब दो साल पूर्व विवाहित एक महिला की उसके ससुराल के लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी तथा शव को गायब कर दिया। इस घटना को लेकर मृत महिला की मां के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें चार लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपित की धर पकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार छपरा जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के समराहां गांव की सलेहरा देवी की पुत्री राजमुनी देवी की शादी करीब दो साल पूर्व बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर पीपरा गांव के धनेश राम के साथ हुई थी। शादी के बाद विदा होकर राजमुनी अपने ससुराल पहुंची। जहां कुछ समय तक इन्हें ससुराल के लोगों ने ठीक से रखा। बाद में दहेज में बाइक के लिए 50 हजार रुपये नकदी की मांग के लिए इन्हें इनके पति व ससुराल के लोगों ने प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। कुछ समय तक राजमुनी देवी ससुराल के लोगों की प्रताड़ना को झेलती रही। इसके बाद भी जब मांग पूरी नहीं हुई तो ससुराल के लोगों ने राजमुनी देवी की घर के अंदर कमरे में बंद कर इनकी गला दबाकर हत्या कर दी तथा शव को गायब कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सलेहरा देवी जब अपनी पुत्री के ससुराल पहुंची तो उन्हें पूरी घटना की जानकारी हुई। इस संबंध में थाने में दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने अपने दामाद धनेश राम के अलावा उनके भाई दिनेश राम, नरेश राम तथा समधन ज्ञांती देवी पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
आपसी विवाद में दो पक्ष भिड़े, महिला सहित 13 लोग घायल यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार