फरार आरोपित के घर पुलिस ने चस्पाया इश्तेहार

नवादा : बुंदेलखंड सहायक थाना क्षेत्र के मोगलाखार मोहल्ले में रविवार को दहेज प्रताड़ना के मामले में फरार चल रहे आरोपित मो. जावेद पिता मो. करीम के घर पर पुलिस ने इश्तेहार चस्पाया। इसके पहले पुलिस ने थाली बजाकर आगाह किया। महिला थानाध्यक्ष कुमारी रानी बबीता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि नवंबर महीने में शबाना परवीन ने अपने पति मो. जावेद समेत ससुराली परिवार के अन्य सदस्यों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दहेज के मारपीट कर घर से भगा देने का आरोप था। इस मामले में जावेद को छोड़ अन्य नामजद अभियुक्तों ने जमानत ले ली है। जावेद लगातार फरार चल रहा है। लिहाजा कोर्ट के आदेश पर आरोपित के घर के दरवाजे पर इश्तेहार चिपकाया गया है और आत्मसमर्पण करने को कहा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपित पूर्व में दो शादी कर चुका था। एक पत्नी की जलने से मौत हो गई थी, जबकि दूसरी घर छोड़ कर चली गई थी। शबाना से तीसरी शादी की थी। लेकिन उसे भी दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। जिसके आलोक में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बहरहाल, पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपित की मुश्किलें बढ़ गई है। जानकारों का कहना है कि अब आत्मसमर्पण नहीं करने या गिरफ्तारी नहीं होने पर कोर्ट के आदेश पर आरोपित के घर कुर्की-जब्ती की जा सकती है। गौरतलब है कि शनिवार को भी नगर के राजेंद्र नगर मोहल्ले में महिला थाने की पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे धर्मेंद्र कुमार शर्मा के घर पर इश्तेहार चस्पाया था। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार