दहेज के लिए महिला की हत्या, ससुराल वालों ने जलाया शव

समस्तीपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र की लोहागीर पंचायत के सूरिया टारा टोले में दहेज के लिए एक महिला की हत्या कर दी गई। मृतका के पिता सरायरंजन थाना क्षेत्र के हरिपुर बरहेत्ता निवासी जुगल सहनी ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। कहा गया है कि उनकी पुत्री रूपा कुमारी की शादी एक वर्ष पूर्व उक्त पंचायत के चंदेश्वर सहनी के पुत्र विकास कुमार के साथ की थी। शादी के बाद उनकी पुत्री के सास एवं ससुर दहेज में एक लाख रुपये व बाइक के लिए तंग करने लगे। इसके लिए पुत्री के साथ हमेशा मारपीट की जाती थी। शनिवार की रात करीब एक बजे दामाद विकास ने उनके पुत्र के मोबाइल पर जानकारी दी कि रूपा की मौत हो गई है। इसके बाद जब वे अपने ग्रामीणों के साथ पुत्री के घर पहुंचे तो वहां कोई नहीं था। रविवार की सुबह करीब छह बजे जानकारी मिली कि पुत्री का शव सुरीया टारा बावन घाट पर जलाया जा रहा। इसकी सूचना थाने को दी गई। पुलिस के पहुंचने तक शव जलाने की प्रक्रिया समाप्त हो गई थी। पुलिस को देखते ही सभी लोग वहां से फरार हो गए। मृतका के पिता ने आरोप लगाते हुए कहा है कि दहेज प्रताड़ना के तहत उनकी पुत्री की हत्या कर शव को जला दिया गया है। मृतका के मायके में कोहराम मचा हुआ है। मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष शंभूनाथ सिंह ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।

शहीद अमन के नाम पर हो मोहिउद्दीननगर रेलवे स्टेशन यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार