बैठक में डीएम ने अधिकारियों को दिए बाढ़ पूर्व सभी तैयारी पूरी करने का निर्देश

बेगूसराय : संभावित बाढ़ आपदा को ले जिला प्रशासन कमर कस रही है। डीएम अरविद कुमार वर्मा ने सभी अधिकारियों को ससमय बाढ़ पूर्व सभी तैयारी पूरा करने का निर्देश दिया है। सरकारी नाव की मरम्मत एवं निजी नाव के निबंधन व एकरारनामा तैयार करने का निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिया। वे सोमवार को डीएम प्रकोष्ठ में बाढ़ पूर्व तैयारी को ले आहूत समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में 232 निजी नाव चिन्हित करने तथा उसमें से 64 का निबंधन व एकरारनामा कर दिए जाने की बात सामने आई। डीएम ने बाढ़ प्रभावित अंचलों में राहत शिविर एवं आइसोलेशन केंद्र से संबंधित जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि अब तक 211 बाढ़ राहत शिविर एवं 66 आइसोलेशन केंद्र चिन्हित किया गया है। डीएम ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को राहत शिविर एवं आइसोलेशन केंद्र के लिए आवश्यकतानुसार शौचालय एवं चापाकल की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी सीओ को गर्भवती व स्तनपान कराने वाली महिलाएं, दिव्यांग, बीमार, वृद्ध, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों की सूची सीडीपीओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं बीडीओ के माध्यम से तैयार कराने का निर्देश दिया। बैठक में प्रखंड स्तरीय नियंत्रण कक्ष, राहत एवं बचाव दल की सूची, अनुश्रवण सह निगरानी समिति के गठन के साथ-साथ बाढ़ से प्रभावित होने वाले संबंधित व्यक्तियों की सूची बैंक खाता सहित तैयार करने का निर्देश दिया।

नहीं थम रही प्रवासी कामगारोंकी घर वापसी की रफ्तार यह भी पढ़ें
डीएम ने बाढ़ अवधि में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, आइसोलेशन केंद्रों पर सैनिटाइजेशन, पर्याप्त मात्रा में सैनिटाइजर आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। मास्क की उपलब्धता के लिए जीविका समूह से समन्वय स्थापित करने, पशुपालन पदाधिकारी को पशु शिविर संचालन की पुख्ता व्यवस्था करने, राहत व खाद्य सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आपूर्तिकर्ता को चिन्हित करने का निर्देश सीओ को दिया। तटबंध एवं जिला मुख्यालय को प्रखंड से जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत का निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिया। बैठक में एडीएम मो. बलागउद्दीन, सिविल सर्जन डॉ. कृष्णमोहन वर्मा, डीटीओ श्रीप्रकाश, डीएओ शैलेश कुमार, आपदा शाखा के प्रभारी अनीश कुमार समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार