आपातकाल के विरोध में भाजपा समर्थकों ने मनाया काला दिवस

अरवल। 25 जून 1975 को कांग्रेस द्वारा देश में आपातकाल घोषित किए जाने के विरोध में गुरुवार को यहां भाजपा समर्थकों ने काला दिवस मनाया। इस दौरान उनलोगों ने कांग्रेस पर देश की जनता के साथ जुल्म तथा अत्याचार किए जाने का आरोप लगाया। पार्टी के जिलाध्यक्ष अजय पासवान ने कहा कि जब इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित किया गया था तो उन्होंने 25 जून 1975 से 21 महीने तक आपातकाल घोषित कर दिया था। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के कहने पर राष्ट्रपति ने यह घोषणा की थी। उस समय देश की हालत काफी दयनीय हो गई थी। अर्थ व्यवस्था चरमरा गई थी। उन्होंने कहा कि हम सभी कार्यकर्ता प्रत्येक वर्ष 25 जून को काला दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं। कारण यह है कि उस दिन देश को आपातकाल में झोंक दिया गया था। साथ ही जन संघ के कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किया गया था। सभी कार्यकर्ताओं को उनके घरों में कैद कर दिया गया था और उनके नाखूनों को उखाड़ दिया गया था। मौके पर जिला महामंत्री शंकर सिंह, श्रीकांत शर्मा, चंदन चंद्रवंशी, मोइन अंसारी, कन्हैया चंद्रवंशी, जगदीश यादव, रणधीर पासवान, हरेंद्र नारायण सिंह, ब्रजेश कुमार, गौरव शर्मा, विरेंद्र भगत, रामईश्वर महतो, बंगाली विश्वकर्मा तथा मुकेश कुमार आदि लोग भी मौजूद थे।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार