ट्रक-टेंपो के बीच हुई सीधी टक्कर में मां-बेटी की मौत

संवाद सूत्र, ओबरा : औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर ओबरा थाना क्षेत्र के देवकली गंज बिगहा के पास शुक्रवार को ट्रक व टेंपो के बीच हुई सीधी टक्कर में टेंपो सवार मां-बेटी की मौत हो गई। ओबरा निवासी बबलू चौहान भी घायल हो गए। मृतक मां-बेटी की पहचान दाउदनगर थाना के शमशेर नगर गांव निवासी भीम कुमार राम की पत्नी अनीता देवी एवं चार वर्षीय बेटी नंदनी कुमारी के रूप में की गई है। इधर आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक गोविद यादव की जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप घायल गोविंद यादव एवं बबलू चौहान को सदर अस्पताल भेजा गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक इस पथ पर आवागमन बाधित रहा। टेंपो चालक भाग निकला।

भाजपा के जिला महामंत्री बने रविशंकर व राजकुमार यह भी पढ़ें
घटना के संबंध में बताया जाता है कि औरंगाबाद की ओर से आ रहे सीमेंट लदा ट्रक (जेएच 09एम-6192) ने ओबरा की ओर से आ रहे बिना नंबर के टेंपो में सीधी टक्कर मार दी। इसमें अनिता देवी एवं नंदनी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं ओबरा निवासी बब्लू चौहान भी घायल हो गए। इधर घटना के बाद भाग रहे ट्रक ड्राइवर गोविद यादव की गुस्साए लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ को उग्र लोगों ने जाम कर दिया। वे मुआवजे की मांग करने लगे। घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार, दोरोगा कृष्णा प्रसाद, बीडीओ अशोक कुमार एवं सीओ अनुकंपा कुमारी, ओबरा राजस्व कर्मचारी निर्मल कुमार सिंह ने पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण व स्वजन मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। जाम के चलते सड़क पर वाहनों की कतार शंकरपुर ओवरब्रिज एवं ओबरा सब्जी मंडी तक लग गई। थानाध्यक्ष संजय कुमार एवं सीओ अनुकंपा कुमारी ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूर्ण कर दाउदनगर सीओ को भेजा जाएगा। क्योंकि मृतका का घर दाउदनगर प्रखंड में होने के कारण वहां के सीओ के माध्यम से मुआवजा राशि दी जाएगी। सीओ ने बताया कि तत्काल दाउदनगर सीओ को जानकारी दे दी गई है। घटनास्थल पर पहुंची दाउदनगर सीओ स्नेह लता के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम हटाया।
शादी में शामिल होने जा रही थी अनिता
स्वजनों के मुताबिक अनिता अपने पति भीम राम एवं बच्चे के साथ शादी में शामिल होने अपने मायके जम्होर थाना के पौधों सादा बिगहा जा रही थी। सादा बिगहा में भाई बाबूलाल की बेटी का शनिवार को तिलक समारोह था। वह अपने गांव से ओबरा आई एवं वहां से टेंपो से मायके जा रही थी कि रास्ते में घटना हो गई। घटना के बाद मायके में शादी का माहौल गम में बदल गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक चालक ने ओवरटेक करने के क्रम में सामने से आ रहे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। घटना खबर जैसे ही शमशेर नगर पहुंची। बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। शव को देखते ही वे चीत्कार कर उठे। हादसे में गंभीर रूप से घायल बब्लू कुमार, ओबरा निवासी प्रदीप चौधरी का पुत्र है। वह बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहा था।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार