तीन लाख 66 हजार पौधों से धरा का इस बार होगा श्रृंगार

सीतामढ़ी। पर्यावरण पर बढ़ते खतरे के बीच पौधारोपण की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है। जलवायु परिवर्तन आज समस्त प्राणी जगत के अस्तित्व के लिए बड़ी चुनौती है। इसके कारण मानव स्वास्थ्य पर इसका असर हो रहा है। हमारी धरा इतनी प्रदूषित हो गई है कि जन-जीवन खतरे में है। कोरोना ने जहां पूरी दुनिया में तबाही मचाई वहीं प्रकृति के लिए वरदान बनकर आई। उसने प्रकृति का सुंदर स्वरूप लौटा दिया है। जासं, सीतामढ़ी : सीतामढ़ी जिले में इस बार धरती का श्रृंगार गुणकारी पौधे लगाकर किया जाएगा। जल जीवन हरियाली अभियान के तहत 2020-21 में तीन लाख 66 हजार पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। जिले में 91 किलोमीटर क्षेत्र को इस बार पूरी तरह हरियाली से आच्छादित करना है। जिलाधिकारी अभिलाषा कुमारी शर्मा ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान पर पूरा जोर है। पौधारोपण के लिए महोगनी, अर्जुन, जामुन, गम्हार, कदम, गुलमोहर, अमलतास, आम, चंपा, आंवला, पोपुलर इत्यादि पौधे लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। डीएफओ नरेश प्रसाद ने बताया कि पौधारोपण के लिए लोगों में जागरूकता देखी जा रही है। पेड़-पौधे का महत्व लोग समझ रहे हैं। हरियाली के लिए विधायक व डॉक्टर ने बढ़ाए हाथ पूर्व मंत्री स्व. शाहिद अली खान की पुत्री डॉ. इकरा अली खान ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण सारा आलम लॉकडाउन था तो वो चिड़ियां दिखने लग गईं जिन्हें हमारे बचपन ने देखा था। नदियां काफी हद तक साफ हो गईं, खुली आंखों से पूरा शहर दिखने लगा, जो पहले धुंध के साए में रहता था। प्रदूषण का स्तर कम गया है। मानों पृथ्वी ने अपना जिम्मा खुद अपने हाथों में ले लिया हो। कोरोना के दौरान हमारी प्रकृति का सुंदर स्वरूप लौट आया है। उन्होंने धरती की हरियाली के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। गुरुवार को उन्होंने अपने घर के अहाते में खुद भी गमलों में पौधे लगाए और उनको पानी दिया। उनकी शमा अली के साथ घर के बच्चियों रॉक्सी व साजिया ने भी अलग-अलग पौधारोपण में हाथ बटाया। नगर विधायक सुनील कुमार कुशवाहा ने भी पौधारोपण किए। उनके साथ-साथ दूसरे लोगों ने ढेर सारे पौधे लगाए। विधायक ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली से ही खुशहाली है। उन्होंने अपने आवासीय परिसर में पौधारोपण किए और गमले में लगे पौधों की देखभाल की, उनको पानी दिए। लोगों से अपील की कि आइए, हम सामूहिक रूप से वनस्पतियों और जीवों को सुनिश्चित करने के लिए जो भी संभव हो वो करें। हम आने वाली पीढि़यों के लिए और भी बेहतर ग्रह छोड़ सकते हैं।

सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोश यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार