ससुराल वालों ने नवविवाहिता को पीटकर घर से निकाला

- पति के नाजायज संबंध का विरोध करने पर ससुराल वालों ने की पिटाई

संवाद सहयोगी, किशनगंज : पति का अन्य महिला के साथ नाजायज संबंध का विरोध करने पर पति और ससुराल वालों द्वारा नवविवाहिता की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को पीड़िता न्याय की गुहार लेकर महिला थाना पहुंची। टाउन थाना क्षेत्र के पिछला निवासी पीड़िता रूबैना खातून की लिखित शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार रूबैना का निकाह मात्र डेढ़ वर्ष पूर्व बंगाल के चाकुलिया थाना क्षेत्र स्थित भागलपुर गांव निवासी शमी अहमद के साथ हुई थी। गत मार्च माह में रूखसती होने के बाद वह ससुराल पहुंची। जहां उसे पति के किसी अन्य महिला के साथ संबंध होने की जानकारी मिली। एक दिन जब रूबैना ने अपने पति को उक्त महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए देखा तो उसने इसका विरोध किया। जिसपर पति और ससुराल वालों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और हत्या करने की धमकी दी। जिससे रूबैना भयभीत हो गई। गत 30 जून को रूबैना ने एकबार फिर से दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और पुरजोर विरोध किया। लेकिन पति और ससुराल वालों ने एक बार फिर से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। रूबैना की गंभीर स्थिति को देख आसपड़ोस के लोगों ने चुपके से उसके मायके वालों को घटना की जानकारी दी। गत एक जुलाई को जब रूबैना के मायके वाले उसके ससुराल पहुंचे तो उसकी स्थिति देखकर चौंक गए। मायके वाले उसे इलाज के लिए साथ ले जाना चाहते थे लेकिन भांडा फूटने के डर से शमी अहमद विरोध करने लगा। जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। इस दौरान शमी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर रूबैना के मायके वालों की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया और रूबैना को मायके भेज दिया। जहां इलाज के बाद वह शुक्रवार को न्याय की गुहार लगाने महिला थाना पहुंची। वहीं महिला थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामूली विवाद में खाया जहर यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार