दुष्कर्मी के स्वजनों ने भाला मारकर तीन को किया गंभीर रूप से जख्मी

छौड़ाही (बेगूसराय) : दुष्कर्म के मामले में जेल बंद आरोपित के स्वजनों ने दुष्कर्म पीड़िता के रिश्तेदार व गवाह पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना शनिवार की संध्या ऐजनी गांव में घटित हुई। गंभीर रूप से घायल दुष्कर्म पीड़िता के तीन रिश्तेदारों को सदर अस्पताल बेगूसराय में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दुष्कर्म पीड़िता भयभीत हो गांव से पलायन कर गई हैं।

इस संदर्भ में ऐजनी निवासी मो. तनजीर आलम द्वारा छौड़ाही ओपी में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा है कि 11-06-2020 को ऐजनी निवासी मो. जिआउर इस्लाम ने उनके रिश्तेदार महिला के साथ दुष्कर्म किया था। जिस की गवाही हमारे रिश्तेदारों और हम लोगों ने दी थी। जिस कारण आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल बंद दुष्कर्म आरोपी के पिता मो. जुबैर, फैयाज, ऐजाज, जसीम, जुल्फिकार, जिशान आदि हाथ में फरसा, भाला तलवार आदि लेकर उसके घर आ धमका और दुष्कर्म केस में समझौता कराने का दबाव देने लगा। विरोध करने पर तनजीर के सिर हाथ आदि जगहों पर ताबड़तोड़ फरसा से प्रहार कर घायल कर दिया। उन्हें बचाने आए उनके भाई मो. तौफीक आलम और तफसीर आलम को भी भाला, फरसा और तलवार से ताबड़तोड़ प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों के जाने के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को पीएचसी छौड़ाही लाया गया। जहां, गंभीर स्थिति देख तीनों घायलों को सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया।

इस संदर्भ में छौड़ाही ओपी अध्यक्ष का कहना है कि घायलों का इलाज चल रहा है। बयान लेने के बाद समुचित कार्रवाई की जाएगी।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार