प्रशासन के खिलाफ एबीवीपी ने जीडी कॉलेज कैंपस में रोपी धान

बेगूसराय : एबीवीपी द्वारा रविवार को जीडी कॉलेज कैंपस व सब्जी मंडी में दो महीने से जमे पानी में धान रोप कर जिला प्रशासन का विरोध किया गया। नेतृत्व जीडी कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार कर रहे थे।

एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजीत चौधरी ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में धान रोपने के लिए हम सभी कार्यकर्ता बाध्य हुए हैं। हमारे लगातार आंदोलन के बावजूद बार-बार अधिकारियों से कभी एक सप्ताह के अंदर तो कभी 10 दिन के अंदर सब्जी मंडी को यहां से हटाने का आश्वासन मिलता रहा। मगर, सब्जी मंडी हटाना तो दूर कॉलेज की सफाई भी नहीं की गई है। लगभग 10 ट्रैक्टर सड़ी हुई सब्जियां विवेकानंद परिसर व महिला छात्रावास के आस पास रखी हुई हैं। जीडी कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार,विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ध्रुव कुमार व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आजाद कुमार ने कहा कि जब से बरसात प्रारंभ हुई है तब से आज तक एक बार भी नगर निगम की गाड़ी यहां से कचरा उठाने नहीं आई है। कार्यालय मंत्री विवेक कुमार व पिटू कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन लोगों को कोरोना से बचाव के लिए संदेश देती है, पर स्वयं अपने जिम्मेदारी से भाग रही है। मौके पर अभिषेक, अंशु, सुनील, राहुल आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार