बाढ़ से प्रभावित लोगों को रखने के लिए बनाए गए 75 शरण स्थल

गोपालगंज। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश तथा गंडक नदी के जलस्तर में उछाल के बाद बाढ़ से प्रभावित इलाके के लोगों को शरण स्थल में रखा लाएगा। साथ ही उन्हें सामुदायिक रसोई के माध्यम से तैयार भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। तटबंध पर लगातार बढ़ते दबाव के बाद जिले में 75 स्थानों पर शरण स्थल बनाया गया है। अलावा इसके 52 स्थानों पर सामुदायिक रसोई तैयार किया गया है। सोमवार को नदी का पानी निचले इलाके में लगातार बढ़ने के बाद प्रभावित इलाके के लोगों को शरण स्थल में रखे जाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। अलावा इसके सदर प्रखंड में दो स्थानों पर सामुदायिक रसोई ने कार्य करना भी प्रारंभ कर दिया गया। जिलाधिकारी अरशद अजीज ने खुद सामुदायिक रसोई में पहुंचकर वहां तैयार किए गए भोजन के बारे में जानकारी प्राप्त की।

आपदा प्रबंधन विभाग के सूत्रों ने बताया कि कोरोना काल को देखते हुए सभी प्रखंड में पूर्व के वर्ष में बनाए गए शरण स्थल की अपेक्षा इस साल दोगुना से भी अधिक शरण स्थल बनाया गया है। अलावा इसके शरण स्थल पर रहने वाले लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए सभी प्रखंडों में सामुदायिक रसोई की भी व्यवस्था की गई है। सोमवार को तमाम शरण स्थल व सामुदायिक रसोई में बिजली, शौचालय व पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराने का कार्य पूर्ण कर लिया गया। प्रत्येक शरण स्थल से प्रशासनिक स्तर पर गांवों को टैग कर दिया गया है। यानि बाढ़ आने की स्थिति में किस गांव के लोग किस शरण स्थल में रहेंगे, इसकी सूची प्रकाशित कर दी गई। अलावा इसके शरण स्थल की व्यवस्था की देखरेख के लिए संचालन समिति भी बनाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस समिति में एक पर्यवेक्षण करने वाले पदाधिकारी के अलावा दो सरकारी कर्मी, मुखिया, गत चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे प्रत्याशी तथा संबंधित वार्ड के वार्ड सदस्य को रखा गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार सोमवार को सदर प्रखंड में चार शरण स्थल व दो सामुदायिक रसोई ने कार्य करना प्रारंभ कर दिया।
इनसेट
जिला स्तरीय टीम करेगी नियमित पर्यवेक्षण
गोपालगंज : तमाम शरण स्थल व सामुदायिक रसोई की नियमित रूप से जांच करने का आदेश दिया गया है। इसके पर्यवेक्षण के लिए उप समाहर्ता स्तर के तीन पदाधिकारियों को प्रखंड स्तर पर तैनात किया गया है। इनमें एक नोडल पदाधिकारी तथा दो सहायक पदाधिकारी होंगे। यह टीम जांच कर अपनी रिर्पोट जिलाधिकारी व आपदा प्रबंधन विभाग को उपलब्ध कराएगी।
इनसेट
टेंट, महाजाल व लाइफ जैकेट तैयार
गोपालगंज : आपदा प्रबंधन विभाग बाढ़ की स्थिति में राहत व बचाव कार्य के लिए तमाम तैयारियों को पूर्ण कर लिया है। इसके लिए सात मोटर वोट के अलावा 130 नावों को तैयार किया गया है। अलावा इसके छह महाजाल, छह टेंट व 198 लाइफ जैकेट भी तैयार रखा गया है। ताकि विकट स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अलावा इसके दवा व पशु चारा की भी व्यवस्था कर ली गई है।
इनसेट
कहां बने कितने शरण स्थल व सामुदायिक रसोई
प्रखंड शरणस्थल सामुदायिक रसोई
कुचायकोट 07 06
गोपालगंज 05 05
मांझागढ़ 12 11
बरौली 16 11
सिधवलिया 15 15
बैकुंठपुर 20 04
कुल 75 52

अन्य समाचार