लोहियानगर बनता जा रहा है कोरोना संक्रमण का हॉटस्पॉट

बेगूसराय : वैसे तो जिले के अमूमन सभी क्षेत्रों में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। परंतु नगर निगम क्षेत्र में यह संक्रमण सर्वाधिक बढ़ रहा है। निगम क्षेत्र के सिर्फ एक मोहल्ला में एक सौ से अधिक कोरोना वायरस के संक्रमित पाए गए हैं। जिसके कारण अब लोगों में दहशत का माहौल है। ऐसे क्षेत्रों में कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकारी प्रयास लगातार जारी है। गुरुवार को जारी हुए कोरोना संक्रमित की सूची में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों से कुल 32 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। मुंगेरीगंज के बाद अब लोहिया नगर कोरोनावायरस संक्रमण का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। लोहिया नगर वार्ड संख्या 28 से नौ नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। लोहिया नगर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बाद लोगों को गंभीरता से सचेत होने की आवश्यकता है। वहीं विष्णुपुर वार्ड नंबर 42 से दो, अशोक नगर पोखरिया वार्ड नंबर 36 से एक, डुमरी वार्ड नंबर 7 से तीन, पोखरिया वार्ड नंबर 37 से चार, उलाव वार्ड संख्या 3 से दो, मीरगंज वार्ड नंबर 31 से एक, सदर अस्पताल से तीन, महमदपुर वार्ड संख्या 43 से एक, कपस्या वार्ड संख्या 13 से एक एवं शनिचरा स्थान वार्ड संख्या 34 से एक कोरोना संक्रमित मिले हैं।

सहुरी बहियार के पोखर से युवक का शव बरामद यह भी पढ़ें
नगर निगम द्वारा सभी प्रभावित मुहल्लों में सैनिटाइजेशन, साफ सफाई, चूना- ब्लीचिग का छिड़काव आदि कराया जा रहा है। संक्रमण की गाड़ी को तोड़ने के लिए शहर में बीते छह दिनों से लॉकडाउन भी लगाया गया है। आम लोगों को सोशल डिस्टेंसिग का पालन एवं मास्क का उपयोग करने के लिए लगातार जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं बुद्धिजीवी लोगों द्वारा इस संक्रमण के रोकथाम के लिए सावधानियां बरती जा रही है। वार्ड संख्या 32 की बात करें तो यहां के कई परिवार बेवजह घर से निकलना बिल्कुल बंद कर चुके हैं। उन्होंने अपने आप को घरों में कैद कर रखा है। परंतु कुछ बेपरवाह आज भी सावधानियां बरतने की बजाय नियमों की अनदेखी करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
नगर आयुक्त अब्दुल हमीद ने बताया कि शहर के प्रभावित मुहल्लों में घर घर जाकर नगर निगम के कर्मी सैनिटाइजेशन का कार्य कर रहे हैं। प्रचार वाहन से जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार