सहुरी बहियार के पोखर से युवक का शव बरामद

बेगूसराय : वीरपुर थाना क्षेत्र के सहुरी बहियार की सीमा पर स्थित बागवाड़ा बहियार के पोखर से सहुरी पंचायत के वार्ड संख्या एक निवासी भोला महतो का शव बरामद किया गया। कुछ लोगों ने बहियार स्थित पोखर में उक्त युवक को तैरते देखा था। युवक की मौत डूबने से हुई अथवा किसी ने हत्या कर शव पोखर में फेंक दिया, पुलिस दोनों पहलू पर छानबीन कर रही है।

घटना के संबंध में स्वजनों ने बताया कि बुधवार की रात्रि लगभग 12 बजे खाना खाकर आराम करने निर्माणाधीन घर पर गए थे। गुरुवार की अलसुबह करीब चार बजे पत्नी नमिता देवी जब निर्माणाधीन घर पर गई तो उन्हें वहां नहीं देखकर इधर-उधर खोजने लगी। परंतु, कहीं पता नहीं चला। जब उनका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया तो भोला का शव पोखर में होने की सूचना मिली। इसके बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे

थानाध्यक्ष सुचित कुमार, अपर थानाध्यक्ष विनय प्रसाद सिंह ने घटनास्थल का मुआइना किया व स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मृतक अपने घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। मौके पर स्थानीय मुखिया पति जयजयराम सहनी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों समेत ग्रामीणों ने शोक संतप्त स्वजनों को ढांढस बंधाया है। इनसेट:
सांसद प्रतिनिधि पहुंचे सहुरी, एसपी से दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
जागरण संवाददाता, बेगूसराय : वीरपुर के सहुरी पंचायत निवासी भोला महतो की हत्या कर शव को बहियार में फेंके जाने की सूचना पर सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता अमरेन्द्र कुमार अमर सहुरी पहुंचे। उन्होंने एसपी अवकाश कुमार व डीएसपी राजन सिन्हा को घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। एसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। मौके पर भाजपा नेता सरोज कुमार कुशवाहा, किसान मोर्चा के विश्वनाथ पोद्दार, कुंदन कुमार, पंसस नवीन सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार