सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म 'पानी' के बंद होने पर आदित्य चोपड़ा ने दिया चौंकाने वाला बयान, कहा 'वो शेखर कपूर की...'

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद मुंबई पुलिस जल्द ही इस मामले को लेकर चल रही जांच को पूरा कर सकती है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने इस मामले की एक बार फिर जांच करने के लिए जिन-जिन लोगों के बयान दर्ज किए थे, उन सभी से एक बार फिर पूछताछ कर रही है। इस बीच बीते शनिवार को बॉलीवुड के मशहूर निर्माता और निर्देशक आदित्य चोपड़ा ने मुंबई पुलिस को सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले को लेकर अपना बयान दर्ज कराया है। इस दौरान पुलिस ने आदित्य ने सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म 'पानी' के बंद होने पर कई सवाल किए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने जब 'पानी' के बंद होने पर सवाल किए, तो निर्माता ने बताया कि यह फिल्म शेखर कपूर के साथ हुए क्रिएटिव मतभेदों के चलते बंद हुई थी। इस फिल्म के बंद होने से सुशांत सिंह राजपूत का कोई लेना-देना नहीं था। शेखर कपूर द्वारा निर्देशित फिल्म को सुशांत सिंह राजपूत ने मुख्य भूमिका में लेने की घोषणा की थी। पुलिस ने सुशांत सिंह राजपूत मामले 35 अन्य लोगों के बयान दर्ज किए, जिनमें अभिनेता के परिवार के सदस्य, फिल्म निर्देशक मुकेश छाबड़ा, बिजनेस मैनेजर श्रुति मोदी, संजना सांघी, रिया चक्रवर्ती, फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली सहित कई लोग शामिल हैं।
मुंबई पुलिस अन्य पहलुओं पर भी गौर कर रही है, जिसमें अभिनेता की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती का सुशांत के खाते से 'खर्च' भी शामिल है। हालांकि, पुलिस ने यह भी कहा है कि उन खर्चों के आधार पर कुछ भी निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। रिया चक्रवर्ती ने हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सुशांत सिंह राजपूत मामले में सीबीआई जांच की मांग भी की है। बता दें, अभिनेता ने 14 जून को अपने बांद्रा स्थित घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सुशांत सिंह राजपूत केवल 34 वर्ष के थे।

अन्य समाचार