करजनिया के युवक की मॉरीशस में मौत

सिवान। प्रखंड के करजनिया गांव के एक युवक की मौत मॉरीशस में रविवार की रात हो गई। युवक की मृत्यु की सूचना उसके परिजनों को सहकर्मियों ने फोन से दी। इसकी सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। युवक की मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। कुछ लोग बुखार से पीड़ित होने तो कुछ हृदयाघात से मृत्यु होने बात कर रहे हैं। बताते हैं कि बड़गांव पंचायत के करजनिया गांव के मोहम्मद इसराइल के पुत्र मोहम्मद असलम छह महीने पहले मॉरीशस की एक कंपनी में काम करने गया था। रविवार की रात उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना साथ काम करने वाले एक युवक ने स्वजनों को दी। बता दें कि मॉरीशस में बड़गांव पंचायत के करीब एक दर्जन युवक पहले से ही काम करते हैं। इस तरह मोहम्मद असलम की मृत्यु हो जाने की सूचना वहां काम करने वाले युवकों को मिल गई थी। उन्होंने भी अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी थी। इस घटना के जानकारी होने के बाद मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। पत्नी और बेटी के आंखों में आंसू थम नहीं रहे हैं। वही आसपास के लोग और उनके शुभचितक मृतक के स्वजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे। मृतक असलम के चाचा डॉक्टर यासीन ने बताया कि इस घटना की जानकारी सोमवार की सुबह हुई। यह बताते हुए उनकी भी आंखे छलक पड़ी। मो. असलम तीन भाइयों में मंझले थे। बड़े भाई की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। असलम की दो पुत्री हैं।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार